Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

International

नालंदा में मांसाहारी लोगों के लिए खुशखबरी : अब घर बैठे मिलेगी ताजा और गरमागरम मछलियां

Blog Image
376

बिहारशरीफ : ताजी मछली के लिए अब बाजार या मछली मंडी जाने की जरूरत नहीं होगी। नालंदा जिले के कतरीसराय में जल्द ही मोबाइल फिश कियोस्क शुरू होने जा रहा। घर-घर ताजा और रेडीमेड मछली मिलेगी। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में हुई जिलास्तरीय कमेटी (डीएलसी) की बैठक में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 220 आवेदनों पर मुहर लगी। इनमें से मोबाइल फिश कियोस्क के लिए एकमात्र आवेदन को भी मंजूरी दी गई। कतरीसराय के रहने वाले राहुल कुमार ने मोबाइल कियोस्क खोलने की इच्छा जताई है।

मोबाइल फिश कियोस्क मछली बेचने का एक तरीका है। जिसमें मछलियों को ताजा और स्वच्छ रखने के लिए रेफ्रिजरेटर की सुविधा होती है। इन कियोस्क में मछलियों को रखने के साथ-साथ, उन्हें काटने, सफाई करने और खाना पकाने की सुविधा भी होती है।मोबाइल फिश कियोस्क में डीप फ्रीजर होगा, जिसमें ताजा मछलियां रखी जाएंगी। ग्राहक के ऑर्डर के अनुसार, कियोस्क पर तैनात कर्मचारी तुरंत गरमागरम मछली परोसेंगे। इस तरह, ग्राहक को घर बैठे ही ताजा और पकाई हुई मछली मिल सकेगी।

इस योजना के तहत 6 लोगों को आइस बॉक्स लगी बाइक मुहैया कराई जाएगी। मछली पालक इन बाइक से घर-घर जाकर ताजी मछलियां बेच सकेंगे। इससे उन्हें अच्छी कमाई होगी।

बॉयोफ्लॉक से मछलीपालन को बढ़ावा

बॉयोफ्लॉक विधि से मछली पालन करने के लिए छह आवेदकों को मौका दिया जाएगा। साथ ही बायोफ्लॉक, तालाब निर्माण और मछली उत्पादन के लिए सात लोगों को अनुदान मिलेगा।

डीएलसी बैठक में मोबाइल कियोस्क के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय प्रावधान किए गए हैं। प्रति इकाई 10 लाख रुपए लगेंगे। जिसमें अनुसूचित जाति और महिलाओं 6 लाख रुपए अनुदान मिलेंगे। अन्य वर्गों के लिए अनुदान की राशि 4 लाख रुपए तय है।

मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए योजना

जिला मत्स्य पदाधिकारी शंभु प्रसाद ने बताया कि मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। मोबाइल फिश कियोस्क से मछली प्रेमियों को काफी सुविधा होगी। अब उन्हें मछली खरीदने के लिए बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

मोबाइल फिश कियोस्क से जुड़ी कुछ खास बातें

इन कियोस्क में मछलियों को प्रदर्शित करने के लिए पारदर्शी कवर होता है। मछलियों को भंडारण करने के लिए रेफ्रिजरेटर रहेगा। मछलियों को सफाई करने के लिए वॉश बेसिन रहेगा। मछलियों को काटने के लिए उपकरण रहेंगे। मछलियों की सफाई के लिए डीस्केलिंग मशीन होगी। मछलियों को प्रदर्शित करने के लिए स्केलिंग मशीन रहेगी। इनमें मछलियों को स्टोर करने के लिए अपशिष्ट संग्रह कक्ष होता है। इनमें मछलियों की ताज़गी सुनिश्चित करने के लिए सौर पैनल होता है।

Related Post