Biharsharif : बाइक सवारों का चालान काटने के संबंध में यातायात विभाग ने नये नियम जारी किये हैं। अब मोबाइल से खींची गयी फोटो से चालान नहीं काटा जा सकता है। इसके लिए 1869 एचएचडी(हैंड हेल्ड डिवाइस) जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने पर इसी डिवाइस की मदद से चालान काटा जाएगा। साथ ही अवर निरीक्षक स्तर से नीचे के कर्मी चालान नहीं काट सकते हैं। हालांकि, यह नियम पहले से लागू है। लेकिन, इसका पालन नहीं हो रहा है। अब विभाग ने इस मामले में सख्त रूख अपना लिया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों को कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है। दरसअल, विभाग को ऐसी शिकायत मिल रही थी कि पुलिसकर्मी मोबाइल से तस्वीर खींचकर बाद में उसे एचएचडी डिवाइस में अपलोड कर चालान काट रहे थे। इसमें धांधली के भी आरोप लग रहे थे। इसी वजह से यह नियम जारी किया गया है।
क्या है एचएचडी
यह एक डिवाइस है। इसमें नियम तोड़ने वाले वाहनों का फोटो लिया जा सकता है। चालान में डेट, टाईम ऑन द स्पॉट दर्ज कर दिया जाता है। इससे गड़बड़ी की गुंजायश कम हो जाती है। इस डिवाइस की मदद से लोग ऑनलाइन पेमेंट एप, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भी भुगतान कर सकते हैं। गाड़ियों का सारा लेखा-जोखा इसमें रहेगा। पहले भी अगर गाड़ी का चालान कटा तो यह जानकारी मिल जाती है। इससे चोरी की गाड़ी का भी पता लग सकता है।
बिहारशरीफ में कैमरे से कट रहा चालान
यातायात थानाध्यक्ष सुशील कुमार राहुल ने बताया कि आदेश मिला है। वरीय अधिकारियों से चर्चा की जा रही है। बिहारशरीफ स्मार्ट सिटी के तहत लगे कैमरे से ली गयी तस्वीर के आधार पर यहां चालान काटा जा रहा है। शहर में एचएचडी से फोटो खींचने की आवश्यकता कम है। नये नियम के संबंध में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर काम किया जाएगा। ग्रामीण इलाकों में इसी डिवाइस से चालान काटा जा रहा है। सभी थानों को यह डिवाइस दिया गया है। अवर निरीक्षक स्तर से नीचे के कर्मियों द्वारा चालान नहीं काटे जाने का नियम पहले से ही है और इसका सख्ती से पालन हो रहा है।