दर्शकों की एंट्री पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताई वजह,
बोले - सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखकर ही आगे भविष्य में होगी बेहतर व्यवस्था
Rajgir। जिस मैदान पर बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच रणजी ट्रॉफी का मुकाबला खेला जा रहा है, वहां चौके-छक्के देखने के लिए दर्शकों की मौजूदगी को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है। क्रिकेट प्रेमी जहां स्टेडियम में बैठकर मैच का रोमांच महसूस करना चाहते हैं, वहीं दर्शकों के प्रवेश पर लगी रोक को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। ऐसे में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अजय कुमार सिंह ने राजगीर में क्रिकेट के भविष्य और दर्शकों की एंट्री को लेकर अपनी बात रखी। अजय कुमार सिंह ने कहा कि राजगीर में रणजी ट्रॉफी जैसे बड़े क्रिकेट मुकाबले का आयोजन यहां क्रिकेट को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध राजगीर अब क्रिकेट के क्षेत्र में भी अपनी पहचान स्थापित करने की ओर बढ़ रहा है। इस तरह के आयोजनों से न केवल बिहार में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राजगीर का नाम सामने आएगा।
सुरक्षा और सुविधाओं के बाद दर्शकों को मिलेगा प्रवेश
दर्शकों की एंट्री को लेकर उन्होंने कहा कि स्टेडियम और आयोजन की व्यवस्थाओं को विकसित करने के इस चरण में दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आयोजकों और प्रशासन की कोशिश है कि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो। आवश्यक तैयारियां पूरी होने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद भविष्य में दर्शकों के लिए प्रवेश की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट और अन्य खेल आयोजनों के विस्तार से राजगीर की पहचान एक आधुनिक खेल केंद्र के रूप में भी विकसित होगी। इससे खेल प्रेमियों के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
