Nalanda : दुकान बंद कर घर लौट रहे स्वर्ण कारोबारी को रास्ते में घेरकर गोली मारना और फिर सोना लूटकर फरार हो जाना—शनिवार की शाम बिहारशरीफ-बरबीघा मुख्य मार्ग पर हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सारे थाना क्षेत्र के भैरो बिगहा मोड़ के समीप तीन बाइकों पर सवार छह नकाबपोश अपराधियों ने स्वर्ण कारोबारी सोनू कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया और उनके पास मौजूद करीब 50 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गए। घायल कारोबारी शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के फैजाबाद मोहल्ले के निवासी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
ओवरटेक कर रोका, विरोध करते ही बरसा दी गोली
जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार अपने सहोदर भाई गोलू कुमार के साथ नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र स्थित बेनार बाजार में सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं। शनिवार की शाम दोनों भाई रोज की तरह दुकान बंद कर एक ही बाइक से बरबीघा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भैरो बिगहा मोड़ के पास तीन बाइकों पर सवार छह नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और लूटपाट की कोशिश शुरू कर दी। बताया जाता है कि सोनू कुमार ने जब अपराधियों का विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी करीब 50 ग्राम सोना लेकर मौके से भाग निकले। वारदात के दौरान सोनू के साथ मौजूद उनके छोटे भाई गोलू कुमार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। उन्होंने परिजनों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार, हालत गंभीर : पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल कारोबारी को बरबीघा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही सारे थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सारे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही है। अब सवाल यह है कि व्यस्त मुख्य मार्ग पर इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों तक पुलिस कितनी जल्दी पहुंच पाती है और लूटा गया सोना कब बरामद होता है।
