रामचंद्रपुर बस स्टैंड पर सबसे ज्यादा दबाव, रोजाना 250 बसों से 8 हजार यात्रियों का आवागमन; सोहसराय, एतवारी बाजार और बाजार समिति में मल्टीलेवल व भूमिगत पार्किंग की जरूरत
बिहारशरीफ। शहर की सड़कें बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव से जूझ रही हैं। कहीं बसों की भीड़ तो कहीं सड़क किनारे खड़े वाहन जाम की वजह बन रहे हैं। ऐसे में बिहारशरीफ की यातायात व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप ढालने के लिए जीआईएस आधारित मास्टर प्लान-2047 में व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। परामर्शी एजेंसी डीडीएफ कंसल्टेंट्स की सर्वेक्षण रिपोर्ट ने शहर के सार्वजनिक परिवहन और पार्किंग व्यवस्था की मौजूदा तस्वीर सामने रखी है। रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि शहर में प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं, लेकिन पार्किंग की क्षमता महज 431 चारपहिया वाहनों तक सीमित है।
चार बस स्टैंडों पर यात्रियों का भारी दबाव
मास्टर प्लान के तहत रामचंद्रपुर, सरकारी, खंदकपर और कारगिल बस स्टैंड की स्थिति का आकलन किया गया है। सर्वे के अनुसार, रामचंद्रपुर बस स्टैंड शहर का सबसे व्यस्त केंद्र है। यहां से रोजाना करीब 250 बसों का परिचालन होता है और लगभग 8 हजार यात्री आवागमन करते हैं।
वहीं, सरकारी बस स्टैंड से प्रतिदिन 48 बसें चलती हैं और करीब 3 हजार यात्री सफर करते हैं। खंदकपर बस स्टैंड से 60 बसों के जरिए 1,920 यात्री, जबकि कारगिल बस स्टैंड से 30 बसों के माध्यम से करीब 1 हजार यात्री रोजाना यात्रा करते हैं।
रिपोर्ट में रामचंद्रपुर बस स्टैंड के बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने की सिफारिश की गई है। वहीं, यात्री दबाव को संतुलित करने के लिए सरकारी और खंदकपर बस स्टैंड पर सुविधाओं का विस्तार कर सेवाओं को बढ़ावा देने की बात कही गई है। कारगिल बस स्टैंड के भविष्य में विस्तार अथवा वैकल्पिक उपयोग की संभावनाएं तलाशने का सुझाव भी दिया गया है।
पूरे शहर में सिर्फ 431 चारपहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता
शहर में जाम की समस्या के पीछे पार्किंग की कमी को भी बड़ी वजह माना गया है। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, बिहारशरीफ में फिलहाल 11 चिन्हित स्थानों पर पार्किंग की सुविधा है। इनका कुल क्षेत्रफल 10,296.98 वर्ग मीटर है, जहां एक समय में केवल 431 चारपहिया वाहन खड़े हो सकते हैं।
इनमें आठ ऑफ-स्ट्रीट पार्किंग स्थल शामिल हैं। इनका कुल क्षेत्रफल 9,541 वर्ग मीटर और क्षमता 400 वाहनों की है। इनमें क्लॉक टावर पार्किंग में 121, श्री साईं गैरेज में 109, सोहसराय पार्किंग-1 में 51, फिटनेस पार्क में 44, सोहसराय पार्किंग-2 में 36, सूरज वाहन पार्किंग में 18, त्रिदेव पार्किंग में 11 और बाजार समिति पार्किंग में 10 वाहनों की जगह है।
वहीं, ऑन-स्ट्रीट पार्किंग के लिए सिर्फ तीन स्थान चिह्नित हैं। एतवारी बाजार मेन रोड पर 12, बिहारशरीफ थाना रोड पर 10 और अस्पताल मोड़ पर 9 वाहनों की पार्किंग क्षमता है। इनका कुल क्षेत्रफल 755.98 वर्ग मीटर है और कुल क्षमता महज 31 वाहनों की है।
सोहसराय से एतवारी बाजार तक मल्टीलेवल पार्किंग की जरूरत
मास्टर प्लान की रिपोर्ट में कहा गया है कि बढ़ती गाड़ियों और व्यावसायिक गतिविधियों के अनुपात में मौजूदा पार्किंग व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सोहसराय, एतवारी बाजार और बाजार समिति जैसे घनी आबादी वाले व्यावसायिक इलाकों में व्यवस्थित मल्टीलेवल या भूमिगत पार्किंग विकसित करने की जरूरत बताई गई है।
इससे मुख्य सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, ये सभी सुझाव मास्टर प्लान की सर्वेक्षण रिपोर्ट में रखे गए हैं। इनके क्रियान्वयन और निर्माण को लेकर आगे की प्रक्रिया अहम होगी। शहरवासियों को उम्मीद है कि 2047 के विजन में तैयार यह योजना कागज से निकलकर जमीन पर उतरेगी, ताकि बिहारशरीफ को रोजाना के जाम से राहत मिल सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!