130 लीटर फॉर्मेलिन भी मिला, लाइसेंस और साफ-सफाई में मिलीं गंभीर खामियां
पटना। आपकी थाली तक पहुंचने वाला दूध, पनीर और घी कितना सुरक्षित है? बिहार के बख्तियारपुर में खाद्य संरक्षा विभाग की कार्रवाई ने खाद्य कारोबार की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को बाढ़ रोड स्थित एक पनीर कारखाने में छापेमारी के दौरान 214 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जबकि 1,395 किलोग्राम दुग्ध उत्पाद नष्ट करा दिए गए। परिसर में 130 लीटर फॉर्मेलिन भी मिला। जब्त और नष्ट की गई सामग्री की कुल कीमत 4.73 लाख रुपये आंकी गई है।
कारखाने में मिली गंदगी, नहीं दिखा वैध लाइसेंस
स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई की जांच में प्रतिष्ठान के पास वैध एफएसएसएआई लाइसेंस और कीट नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं मिला। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब थी। फर्श पर गंदा पानी जमा मिला। इसके बाद निरीक्षण दल ने कार्रवाई करते हुए 214 किलो घी जब्त किया, जिसकी कीमत 1,49,800 रुपये बताई गई है।
क्रीम, पनीर और दूध मौके पर कराया नष्ट
कार्रवाई के दौरान 635 किलो क्रीम, 360 किलो पनीर और 400 किलो दूध नष्ट कराया गया। इनकी कुल मात्रा 1,395 किलोग्राम है। इसके अलावा मौके पर मिले 130 लीटर फॉर्मेलिन को भी नष्ट कराया गया। विभाग के अनुसार, जब्त और नष्ट की गई सामग्री का कुल मूल्य 4,73,900 रुपये है।
चार नमूने जांच के लिए भेजे गए
निरीक्षण दल ने पनीर, दूध, घी और क्रीम के चार नमूने लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं पर आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।
लाइसेंस मिलने तक निर्माण और बिक्री पर रोक
खाद्य संरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान को खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैध लाइसेंस या पंजीकरण प्राप्त करने के बाद ही खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री करने का निर्देश दिया है। विभाग का कहना है कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के प्रतिष्ठानों की नियमित जांच जारी रहेगी।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!