कल्याण बिगहा में विकास की चमक, लेकिन हरनौत की गलियों में बदहाली का अंधेरा! पांच साल बाद भी नगर पंचायत की बुनियादी सुविधाएं अधूरी, कई योजनाएं फाइलों में कैद
हरनौत। बिहार की सत्ता में करीब दो दशक तक मुख्यमंत्री के रूप में रहे नीतीश कुमार के गृह प्रखंड हरनौत में विकास की तस्वीर आज भी कई सवाल खड़े कर रही है। मुख्यमंत्री का पैतृक गांव कल्याण बिगहा विकास योजनाओं के लिए चर्चित रहा, लेकिन उसके आसपास के इलाके और हरनौत नगर पंचायत की बुनियादी समस्याएं अब भी लोगों की परेशानी बनी हुई हैं। सड़क, नाली, पेयजल, जलनिकासी और सफाई जैसी सुविधाओं के लिए नागरिकों को इंतजार करना पड़ रहा है। सवाल उठता है कि जिस प्रखंड से बिहार की सत्ता का नेतृत्व हुआ, वहां की स्थानीय व्यवस्था आखिर अपेक्षित बदलाव क्यों नहीं ला सकी?
हरनौत नगर पंचायत कार्यालय का उद्घाटन 3 जून 2021 को शहरी सुविधाओं की उम्मीद के साथ किया गया था। नगर पंचायत बने पांच साल से अधिक समय बीतने के बावजूद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। कई महत्वपूर्ण योजनाएं अब भी लंबित हैं। सड़क और नाली की कनेक्टिविटी कई वार्डों में बेहतर नहीं है। कहीं सड़कें टूटी हैं तो कहीं निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। बरसात के दिनों में हरनौत बाजार, पटेल नगर समेत कई इलाकों में जलजमाव लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है।
जलजमाव से जूझते मोहल्ले, स्थायी समाधान का इंतजार
पटेल नगर में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए पिछले कई वर्षों से पंप सेट के सहारे पानी निकाला जा रहा है। इसके लिए डीजल पर सरकारी राशि खर्च होती है, लेकिन स्थायी जलनिकासी व्यवस्था नहीं बन सकी। आदर्श नगर में भी नाला नहीं होने के कारण घरों के आसपास गंदा पानी जमा रहने, दुर्गंध फैलने और मच्छरों के प्रकोप की शिकायतें सामने आती रही हैं। बारिश के दिनों में हालात और गंभीर हो जाते हैं।
नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था भी सभी वार्डों तक समान रूप से नहीं पहुंच सकी है। हर घर नल का जल योजना के बावजूद कई घरों में पेयजल संकट बना हुआ है। डाकबंगला रोड के किनारे क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। पीएम श्री हाईस्कूल परिसर में जलजमाव के कारण शिक्षक, शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
बजट और घोषणाएं बड़ी, जमीन पर काम की रफ्तार धीमी
नगर पंचायत में विकास योजनाओं और बजट की कमी नहीं रही। सड़क, नाला, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट, पार्क और अन्य शहरी सुविधाओं के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं प्रस्तावित की गईं। लेकिन कई योजनाओं का समय पर पूरा नहीं होना और निर्माण कार्यों का लंबित रहना व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है।
सफाई व्यवस्था पर भी लोगों की नाराजगी है। नगर पंचायत के सभी 19 वार्डों में सफाई के लिए सौ से अधिक कर्मियों की तैनाती बताई जाती है, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में सफाई को लेकर शिकायतें बनी हुई हैं। चंदन तालाब अतिक्रमण की चपेट में है। स्ट्रीट लाइट, डंपिंग यार्ड और नगर पंचायत कार्यालय से जुड़ी योजनाएं भी लंबित बताई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री का गृह प्रखंड, फिर भी नागरिक सुविधाओं के लिए संघर्ष
हरनौत केवल एक सामान्य प्रखंड नहीं, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह प्रखंड है। कल्याण बिगहा उनके पैतृक गांव के रूप में जाना जाता है। नीतीश कुमार लगभग 20 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। इस दौरान बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के विकास के अनेक दावे किए गए। लेकिन हरनौत नगर पंचायत की वर्तमान स्थिति इन दावों के बीच स्थानीय विकास की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा करती है।
कल्याण बिगहा में विकास की योजनाएं जरूर पहुंचीं, लेकिन हरनौत बाजार और आसपास के मोहल्लों में आज भी लोग सड़क, नाली और जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। मुख्यमंत्री के गृह प्रखंड में ही नागरिक सुविधाओं का यह हाल स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही को लेकर बहस पैदा करता है।
स्थानीय बुद्धिजीवियों और नागरिकों की मांग है कि नगर पंचायत की सभी लंबित योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। योजनाओं की प्रगति सार्वजनिक हो और जलजमाव, पेयजल तथा सफाई जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाए।
हरनौत के लोगों को अब घोषणाओं और बजट के आंकड़ों से ज्यादा धरातल पर काम चाहिए। सवाल यही है कि मुख्यमंत्री के गृह प्रखंड को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए आखिर कितने वर्षों का और इंतजार करना पड़ेगा?
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!