बोतलबंद पानी की दुनिया में बड़ा विवाद : जांच में ब्रोमेट और पीएएच की मौजूदगी का दावा, कंपनी ने रिपोर्ट पर उठाए सवाल, कहा- पानी सुरक्षित
New Delhi । जिस बोतलबंद पानी को लोग शुद्धता और सुरक्षा का भरोसा मानकर खरीदते हैं, उसी भरोसेमंद ब्रांड बिसलेरी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। देश की खाद्य सुरक्षा नियामक संस्था एफएसएसएआई (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के एक सैंपल को असुरक्षित घोषित करते हुए कंपनी के खिलाफ अभियोजन यानी मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। जांच में निर्धारित मानकों से अधिक ब्रोमेट और बाद की जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आने का दावा किया गया है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब आम लोग नल के पानी की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण बोतलबंद पानी का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में देश के प्रमुख पैकेज्ड वाटर ब्रांड के सैंपल पर नियामक की कार्रवाई ने बोतलबंद पानी की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर जांच में क्या मिला?
एफएसएसएआई के अनुसार, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक नियामकीय सैंपल लिया गया था। शुरुआती जांच में पानी निर्धारित ब्रोमेट सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद कंपनी की अपील पर सैंपल को रेफरल लैब में भेजा गया। वहां भी सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया और पीएएच की मौजूदगी सामने आई। नियामक ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के विरुद्ध अभियोजन की मंजूरी दी है। हालांकि, यह नियामकीय कार्रवाई है और मामले में अंतिम न्यायिक निर्णय आना अभी बाकी है।
कंपनी ने उठाए जांच पर सवाल
दूसरी ओर, बिसलेरी ने जांच के निष्कर्षों पर सवाल उठाते हुए अपने उत्पाद को सुरक्षित बताया है। कंपनी के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार एक बैच से संबंधित है।
कंपनी का दावा है कि एफएसएसएआई ने छह सैंपल लिए थे, जिनमें पांच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई थी, जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
कंपनी ने अपील के बाद हुई जांच और स्वतंत्र प्रयोगशाला के परीक्षण का हवाला देते हुए कहा कि ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया था। उसने यह भी दावा किया कि फरवरी 2026 में जांच रिपोर्ट नियामक के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेजी गई थी, लेकिन इसके बाद कोई सूचना नहीं मिली।बिसलेरी का कहना है कि उसकी निर्माण प्रक्रिया में 10 चरण और 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं। कंपनी ने नियामक के साथ सहयोग जारी रखने की बात कही है।
क्या पूरे ब्रांड का पानी असुरक्षित है?
फिलहाल उपलब्ध जानकारी किसी एक सैंपल और उससे संबंधित जांच तक सीमित है। इससे बिसलेरी की सभी बोतलों, सभी प्लांट या बाजार में उपलब्ध प्रत्येक बैच को असुरक्षित घोषित नहीं किया जा सकता। कंपनी भी इस निष्कर्ष का विरोध कर रही है।हालांकि, इस प्रकरण ने बोतलबंद पानी की गुणवत्ता जांच, उत्पादन प्रक्रिया में रसायनों के नियंत्रण और नियामक निगरानी को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े किए हैं। अब निगाहें एफएसएसएआई की आगे की जांच, संभावित कानूनी कार्रवाई और देशभर में अन्य पैकेज्ड वाटर ब्रांडों के सैंपल की जांच पर टिकी हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!