पटना। बिहार की सियासत में एक बार फिर सदन के भीतर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने होंगे। सवालों की बौछार, विधेयकों पर चर्चा और सरकारी फैसलों पर बहस के बीच बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाला यह सत्र 4 दिसंबर तक चलेगा। विधानसभा की कार्यवाही प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
सत्र के पहले दिन 30 नवंबर को नए निर्वाचित सदस्यों के होने पर उनका शपथ ग्रहण कराया जाएगा। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी अनुपूरक व्यय विवरणी सदन के पटल पर रखी जाएगी। दिन की कार्यवाही के अंत में आवश्यक होने पर शोक प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया जाएगा।
वहीं, 1 और 2 दिसंबर को सदन में राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्य निपटाए जाएंगे। 3 दिसंबर का दिन वित्तीय मामलों के लिहाज से अहम होगा। इस दिन दूसरी अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा, वाद-विवाद और मतदान के साथ विनियोग विधेयक से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
सत्र के अंतिम दिन यानी 4 दिसंबर को गैर-सरकारी सदस्यों के कार्य और गैर-सरकारी संकल्प सदन में लिए जाएंगे।
विधानसभा के निर्धारित कार्यक्रम को लेकर सभा सचिवालय की ओर से पत्र जारी कर दिया गया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि पांच दिनों के इस सत्र में सदन के भीतर कौन से मुद्दे गूंजते हैं और सरकार को किन सवालों का सामना करना पड़ता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!