स्मार्ट एम्बुलेंस से लेकर अस्पतालों के बेड तक होगी डिजिटल निगरानी, AI से एक्स-रे और MRI रिपोर्ट के विश्लेषण की भी तैयारी; शुरुआती चरण में 2 से 4 स्मार्ट एम्बुलेंस के साथ शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
Patna। कल्पना कीजिए, किसी गांव में सड़क दुर्घटना होती है। एम्बुलेंस मौके पर पहुंचती है, मरीज की पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन लेवल की जांच करती है। उसकी मेडिकल रिपोर्ट रास्ते में ही संबंधित अस्पताल को भेज दी जाती है। दूसरी ओर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) यह पता लगाने में मदद करता है कि आसपास के किस अस्पताल में ट्रॉमा बेड, आईसीयू और जरूरी विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हैं। मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही इलाज की तैयारी शुरू हो जाती है। बिहार सरकार अब स्वास्थ्य व्यवस्था को इसी दिशा में ले जाने की तैयारी कर रही है।
राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यापक इस्तेमाल पर जोर दिया है। उनका कहना है कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ अस्पतालों की इमारतें खड़ी करना नहीं, बल्कि वहां मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाना है। दवाओं की आपूर्ति, जांच रिपोर्ट, डॉक्टरों की उपलब्धता, टेलीमेडिसिन, अस्पतालों में बेड प्रबंधन और एम्बुलेंस सेवाओं तक AI का इस्तेमाल करने की योजना है।
इस दिशा में पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से बिहार सरकार ने 'AI for a Healthier Bihar: From Innovation to Impact' विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इसमें स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक के इस्तेमाल की प्राथमिकताएं और संभावित कार्ययोजना साझा की।
गांव में बैठे मरीज को भी मिलेगा विशेषज्ञ डॉक्टर का परामर्श
बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता है। कई बार मरीज को छोटी-सी जांच या विशेषज्ञ परामर्श के लिए जिला मुख्यालय अथवा पटना तक जाना पड़ता है। इससे गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है और इलाज में भी देरी होती है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि AI को टेलीमेडिसिन से जोड़कर इस समस्या का समाधान किया जा सकता है। ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों से ही मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। इससे मरीजों को अनावश्यक यात्रा और खर्च से राहत मिलेगी तथा शहरी और ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के बीच की दूरी कम करने में मदद मिलेगी।
एक्स-रे और MRI रिपोर्ट में बीमारी के शुरुआती संकेत तलाशेगा AI
अब स्वास्थ्य विभाग की जांच सुविधाओं को भी तकनीक से जोड़ने की तैयारी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचों के विश्लेषण में AI की मदद ली जा सकती है।
मसलन, किसी ग्रामीण अस्पताल में मरीज का एक्स-रे होने पर AI आधारित तकनीक रिपोर्ट में बीमारी के संभावित संकेतों की शुरुआती पहचान करने में सहायता कर सकती है। इससे टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के संदिग्ध लक्षणों को समय रहते पहचानने और आगे की जांच कराने में मदद मिल सकती है।
हालांकि, AI की भूमिका डॉक्टरों के निर्णय का विकल्प बनने के बजाय उनकी सहायता करने की होगी। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में उपलब्ध जांच उपकरणों का ऑडिट कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि पता चल सके कि कौन-सी मशीन उपलब्ध है और उसका कितना उपयोग हो रहा है।
अब मोबाइल पर दिखेगी अस्पताल में खाली बेड की जानकारी
अस्पतालों में बेड की उपलब्धता को लेकर मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी किसी से छिपी नहीं है। गंभीर मरीज को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया जाता है, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चलता है कि बेड या संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं।
इस समस्या को दूर करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में बेड मैनेजमेंट सिस्टम को डिजिटल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामान्य वार्ड, आईसीयू, हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) और क्रिटिकल केयर यूनिट में उपलब्ध तथा खाली बेड की वास्तविक स्थिति ऑनलाइन दिखाई जानी चाहिए।
मंत्री ने बताया कि इस संबंध में कुछ दिन पहले आईजीआईएमएस के निदेशक से बातचीत हुई है। ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है, जिससे अस्पताल में बेड की उपलब्धता की जानकारी रियल टाइम में मिल सके। यह जानकारी अस्पताल के डिस्प्ले बोर्ड के साथ इंटरनेट पर भी उपलब्ध हो, ताकि मरीज के परिजन अपने मोबाइल से ही पता लगा सकें कि किस अस्पताल में बेड खाली है।
इसका सबसे बड़ा फायदा रेफरल व्यवस्था में हो सकता है। उदाहरण के तौर पर, किसी जिले से गंभीर मरीज को पटना के पीएमसीएच भेजने से पहले वहां बेड, आईसीयू और संबंधित विशेषज्ञ की उपलब्धता की जानकारी मिल सकेगी। इससे मरीज को सही अस्पताल भेजने और इलाज शुरू करने में लगने वाला समय कम किया जा सकता है।
बिहार में आएंगी स्मार्ट एम्बुलेंस, पहले 2 से 4 गाड़ियों से होगा प्रयोग
स्वास्थ्य मंत्री की योजना में सबसे अहम पहल स्मार्ट एम्बुलेंस को लेकर है। विभाग ऐसी एम्बुलेंस लाने की दिशा में काम कर रहा है, जिनमें मरीज की प्राथमिक जांच और निगरानी के लिए आधुनिक डिजिटल उपकरण लगाए जाएंगे।
इन एम्बुलेंस में डिजिटल ईसीजी मशीन, पल्स, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन मॉनिटरिंग की सुविधा होगी। साथ ही GPS आधारित लाइव लोकेशन, अस्पतालों से डिजिटल संपर्क, AI आधारित मरीज की स्थिति का शुरुआती विश्लेषण और विशेषज्ञ डॉक्टरों से वीडियो परामर्श जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
एम्बुलेंस में ही मरीज की डिजिटल मेडिकल रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अस्पताल को भेजी जा सकेगी। इससे मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों और इमरजेंसी टीम को उसकी स्थिति की जानकारी मिल जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस संबंध में आईजीआईएमएस के निदेशक और तकनीकी विशेषज्ञों से बातचीत हुई है। शुरुआती चरण में दो से चार स्मार्ट एम्बुलेंस के साथ पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी है। इसके अनुभव के आधार पर आगे की व्यवस्था को विकसित किया जा सकता है।
AI तय करने में करेगा मदद, मरीज को किस अस्पताल ले जाना है
स्मार्ट एम्बुलेंस की योजना सिर्फ मरीज को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने तक सीमित नहीं होगी। इसे ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दुर्घटना या मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिलने पर 102, 104, 112 या 1033 जैसी हेल्पलाइन के माध्यम से एम्बुलेंस पहुंचती है। इसके बाद पैरामेडिकल स्टाफ मरीज का ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन सैचुरेशन और पल्स जैसे जरूरी वाइटल्स की जांच करता है।
यदि इन जानकारियों को AI सिस्टम से जोड़ा जाए, तो मरीज की स्थिति और संभावित जोखिम का शुरुआती आकलन किया जा सकता है। इसके बाद आसपास के अस्पतालों में ट्रॉमा बेड, आईसीयू, सीटी स्कैन, एमआरआई और संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी लेकर उपयुक्त अस्पताल चुनने में मदद मिलेगी।
इससे न सिर्फ मरीज को सही अस्पताल तक पहुंचाने में सहूलियत होगी, बल्कि अस्पताल की इमरजेंसी टीम को पहले से अलर्ट भी किया जा सकेगा। गंभीर मरीजों के मामले में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में रास्ते में ही इलाज की तैयारी शुरू होना जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
दवाओं की सप्लाई से लेकर स्टॉक तक पर रहेगी डिजिटल नजर
स्वास्थ्य मंत्री ने सरकारी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को भी AI से जोड़ने की जरूरत बताई। उनका कहना था कि दवाओं की मांग, स्टॉक, आपूर्ति और भविष्य की जरूरतों का अनुमान लगाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल होना चाहिए।
बारकोड, क्यूआर कोड, बैच नंबर और क्लिनिकल डेटा की मदद से दवाओं की प्रामाणिकता और सप्लाई चेन की निगरानी की जा सकती है। इससे दवाओं की कमी का पूर्वानुमान लगाने के साथ संदिग्ध आपूर्ति और संभावित अनियमितताओं की पहचान करने में भी सहायता मिलेगी।
तकनीक का असली इम्तिहान अस्पतालों में दिखने वाले बदलाव से होगा
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि AI का इस्तेमाल केवल तकनीकी प्रयोग या आंकड़ों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका सीधा लाभ आम मरीजों तक पहुंचना जरूरी है। बिहार के किसी दूरदराज गांव में रहने वाले गरीब व्यक्ति को भी समय पर जांच, विशेषज्ञ परामर्श और बेहतर उपचार मिलना चाहिए।
इस कार्यशाला में स्वास्थ्य सचिव श्री कुमार रवि, गेट्स फाउंडेशन के भारत कार्यालय की निदेशक अर्चना व्यास, फाउंडेशन के प्रतिनिधि, देश-विदेश से आए तकनीकी एवं नवाचार विशेषज्ञ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर, नर्स, टेक्नीशियन, एएनएम और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बहरहाल, बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को AI से जोड़ने की यह पहल कागज से जमीन तक कितनी तेजी से पहुंचती है, यह आने वाला समय बताएगा। स्मार्ट एम्बुलेंस का पायलट प्रोजेक्ट, अस्पतालों में रियल टाइम बेड मैनेजमेंट और ग्रामीण क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन जैसी योजनाएं यदि प्रभावी ढंग से लागू होती हैं, तो मरीजों को इलाज के लिए भटकने की मजबूरी से बड़ी राहत मिल सकती है। असली सफलता तब होगी, जब तकनीक का लाभ पटना के बड़े अस्पतालों से निकलकर गांव के अंतिम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचेगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!