सिर्फ उत्पाद सजाने से नहीं चलेगा काम, ग्राहकों को लुभाने के लिए गिफ्ट हैम्पर, कॉम्बो ऑफर और डिजिटल पेमेंट तक की तैयारी; स्टॉल संचालकों को डीएओ ने दिए खास टिप्स
NALANDA। राजगीर महोत्सव में इस बार कृषि मेला सिर्फ किसानों और कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां स्थानीय उत्पादों को बाजार दिलाने और ग्राहकों को आकर्षित करने की भी खास तैयारी है। स्टॉल पर सामान किस तरह सजाया जाए, कीमत कैसे प्रदर्शित हो और ग्राहक बिना झिझक खरीदारी कैसे करें—इन छोटी-छोटी बातों पर कृषि विभाग ने अभी से काम शुरू कर दिया है। मकसद साफ है, राजगीर महोत्सव के कृषि मेले को भव्य, आकर्षक और कारोबार के लिहाज से प्रभावी बनाना।
इसी कड़ी में शनिवार को जिला कृषि पदाधिकारी नितेश कुमार ने डीएओ कार्यालय में कृषि मेला के स्टॉल संचालकों के साथ समीक्षा बैठक की। तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव के दौरान लगने वाले इस कृषि मेले में कुल 40 स्टॉल लगाए जाएंगे। बैठक में स्टॉल संचालकों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
उत्पादों की सजावट ऐसी हो कि ग्राहक खुद खिंचे चले आएं
जिला कृषि पदाधिकारी नितेश कुमार ने स्टॉल संचालकों को सलाह दी कि वे अपने उत्पादों का बेहतर प्रेजेंटेशन करें। स्टॉल भरा-पूरा, व्यवस्थित और आकर्षक दिखना चाहिए, क्योंकि अच्छी सजावट और बेहतर लुक ही ग्राहकों का ध्यान खींचने में मदद करता है।
प्रज्ञा कृषक हित समूह, तिलैया राजगीर के अध्यक्ष वीर अभिमन्यु सिंह से बातचीत के दौरान डीएओ ने उनके फूड प्रोसेसिंग उत्पादों को लेकर खास सुझाव दिए। समूह की ओर से मशरूम पापड़, मशरूम का अचार, आम और आंवला का अचार, आंवला का मुरब्बा, ओल का गाजी, नारियल लड्डू समेत कई उत्पाद तैयार किए जाते हैं।
डीएओ ने कहा कि इन उत्पादों को अलग-अलग बेचने के बजाय छोटे-छोटे गिफ्ट हैम्पर तैयार किए जाएं। हर हैम्पर पर प्राइस टैग लगाया जाए और रेट लिस्ट के साथ ऑफर भी साफ-साफ लिखा हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर उत्पाद के पास छोटा सा प्राइस टैग या 'कॉम्बो ऑफर' का बोर्ड जरूर रखें। कीमत सामने लिखी रहने से ग्राहक बिना झिझक स्टॉल पर रुकते हैं और खरीदारी का फैसला आसानी से कर पाते हैं।
एक ही जगह सामान बिखेरने के बजाय अपनाएं यह तरीका
उप निदेशक कृषि अभियंत्रण अभिमन्यु कुमार ने स्टॉल की सजावट को लेकर व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि टेबल पर सभी उत्पादों को एक ही सतह पर बिखेरकर रखने के बजाय छोटे बक्से, लकड़ी के स्टैंड और सीढ़ीनुमा रैक का इस्तेमाल किया जाए। इससे उत्पादों को अलग-अलग ऊंचाई और लेयर में सजाया जा सकेगा। पीछे रखे सामान भी दूर से साफ दिखाई देंगे और स्टॉल ज्यादा व्यवस्थित व आकर्षक नजर आएगा।
भीड़ में दूर से दिखे ब्रांड का नाम, तभी बढ़ेगी पहचान
उप निदेशक कृषि धन्नजय सिंह ने स्टॉल पर आकर्षक बैनर और साइनेज लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्टॉल के सबसे ऊपर या आंखों के स्तर पर बड़े और स्पष्ट अक्षरों में ब्रांड का नाम और प्रमुख उत्पादों की जानकारी लिखी होनी चाहिए। इससे महोत्सव में उमड़ने वाली भीड़ के बीच भी लोग दूर से ही स्टॉल की पहचान कर सकेंगे।
क्यूआर कोड से भुगतान भी, सोशल मीडिया से ग्राहक भी जुड़ेंगे
भूमि संरक्षण के सहायक निदेशक भूदेव राणा ने डिजिटल दौर के अनुरूप स्टॉल संचालकों को तैयारी करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भुगतान के लिए क्यूआर (QR) कोड स्टैंड ऐसी जगह रखा जाए, जहां ग्राहक को आसानी से दिखाई दे। इसके साथ ही इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप का क्यूआर कोड भी लगाया जाए, ताकि ग्राहक खरीदारी के बाद भी उत्पाद बनाने वाले समूहों और उद्यमियों से जुड़े रह सकें। इससे स्थानीय उत्पादों की ऑनलाइन पहचान और बिक्री को भी बढ़ावा मिल सकता है।
मुस्कुराहट और व्यवहार भी बिक्री बढ़ाने का तरीका
जिला उद्यान पदाधिकारी राकेश कुमार ने स्टॉल संचालकों को व्यवहार पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्टॉल पर आने वाले लोगों के साथ अच्छा व्यवहार बेहद जरूरी है। संचालक कुर्सी पर बैठकर या मोबाइल चलाने में व्यस्त रहने के बजाय खड़े रहें, मुस्कुराते हुए लोगों से आंखें मिलाएं और उनका अभिवादन करें। ग्राहकों के प्रति सकारात्मक व्यवहार उन्हें स्टॉल पर रुकने और उत्पादों के बारे में जानकारी लेने के लिए प्रेरित करता है।
बैठक में प्रज्ञा कृषक हित समूह, तिलैया राजगीर, गंगा मधु कृषक हित समूह, थरथरी, जीतसू फर्म ड्रैगन फ्रूट, नगरनौसा समेत अन्य स्टॉल संचालक मौजूद रहे। कृषि विभाग की कोशिश है कि राजगीर महोत्सव का कृषि मेला स्थानीय किसानों, स्वयं सहायता समूहों और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्यमियों के उत्पादों को बेहतर मंच देने के साथ-साथ उनके लिए नए ग्राहक और बाजार भी तैयार करे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!