पटना (श्रीनगर) । इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ जम्मू-कश्मीर (IFFJK 2026) के दूसरे दिन बिहार का फिल्मी रंग कश्मीर में खूब चमका। श्रीनगर के SKICC स्थित बिहार पवेलियन पर फिल्म प्रोड्यूसर, इंडिपेंडेंट फिल्ममेकर, डॉक्यूमेंटेरियन, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर और युवाओं की भीड़ जुटी। यहां लोगों ने बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति और राज्य के विविध शूटिंग लोकेशन की जानकारी ली।
सबसे खास बात यह रही कि लूमापिक्स क्रिएटिव स्टूडियो के फाउंडर-डायरेक्टर प्रकाश मेहता ने बिहार में एनिमेशन और VFX स्टूडियो स्थापित करने में रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि बढ़ती शूटिंग गतिविधियों से पोस्ट-प्रोडक्शन की स्थानीय मांग बढ़ी है और सरकार की सब्सिडी योजना इस दिशा में मददगार है।
वहीं IFFJK में चयनित मगही फिल्म ‘स्वाहा’ को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलने पर निर्देशक अभिलाष शर्मा ने गर्व जताया। उन्होंने स्थानीय भाषाओं की फिल्मों पर 50 प्रतिशत सब्सिडी को बिहार की कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने वाला कदम बताया।
फिल्म निगम की टीम ने कश्मीर के युवाओं और इंफ्लूएंसरों के सामने बिहार के सिनेमैटिक लोकेशन का प्रजेंटेशन भी दिया। 7 से 10 सितंबर तक चल रहे फेस्टिवल में 40 देशों की 135 फिल्मों की स्क्रीनिंग होनी है।

