Patna। बिहार की धरती के नीचे छिपी खनिज संपदा अब राज्य के विकास की नई कहानी लिखने की तैयारी में है। इसी कड़ी में बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान बिहार के खनिज संसाधनों, विशेषकर क्रिटिकल मिनरल्स की अपार संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में बिहार में उपलब्ध क्रिटिकल मिनरल्स के वैज्ञानिक अन्वेषण, उनके विकास और बेहतर उपयोग की संभावनाओं पर गंभीर मंथन किया गया। दोनों पक्षों ने इस क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई।
बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने प्रस्ताव रखा कि विभागीय विषयों पर जल्द ही केंद्र और बिहार सरकार के संबंधित अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाए, ताकि एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर राज्य के खनिज संसाधनों के विकास को नई दिशा दी जा सके।
डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार में उपलब्ध खनिज संपदा, विशेषकर क्रिटिकल मिनरल्स, का वैज्ञानिक अन्वेषण और विकास राज्य के औद्योगिक भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। इससे न केवल उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि निवेश आकर्षित होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
बिहार की धरती में छिपे ये खनिज संसाधन अब केवल प्राकृतिक संपदा नहीं, बल्कि राज्य की आर्थिक समृद्धि, औद्योगिक विस्तार और रोजगार के नए युग की मजबूत नींव बनने की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

