लंबे इंतजार और अव्यवस्था से बढ़ा आक्रोश, हस्तक्षेप के बाद सामान्य हुआ माहौल
बिंद। प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रियंका इंडियन गैस एजेंसी पर रविवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आपूर्ति में अव्यवस्था और घंटों लंबी कतार में खड़े रहने के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की मांग बढ़ी हुई है। रविवार सुबह से ही एजेंसी के बाहर महिलाओं और पुरुषों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी। तेज धूप और लंबा इंतजार उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन गया, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा। देखते ही देखते भीड़ अनियंत्रित हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाल लिया। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को व्यवस्थित करते हुए कतारबद्ध तरीके से सिलेंडर वितरण सुनिश्चित कराया। पुलिस की मौजूदगी में वितरण कार्य शुरू होने के बाद ही स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
पुलिस अधिकारियों ने एजेंसी कर्मियों को सख्त निर्देश दिया है कि गैस वितरण की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भविष्य में कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।
