Nalanda। जिले में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू की। सुबह करीब 4 बजे बिहारशरीफ के पोस्ट ऑफिस मोड़ स्थित पीके गन हाउस एंड संस पर दबिश दी गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई।
छापेमारी के दौरान गन हाउस में रखे हथियारों, उनके लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। टीम हर गतिविधि की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करा रही है, ताकि जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सटीक बनी रहे। अधिकारियों का विशेष ध्यान हथियारों के नंबर और उनकी एंट्री में किसी भी तरह की गड़बड़ी को पकड़ने पर है।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क तक पहुंचने के उद्देश्य से की जा रही है। नालंदा जिले में कुल 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है, जिनमें बिहारशरीफ के अलावा चीकसौरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव और हिलसा का राममूर्ति नगर शामिल हैं।
सूत्रों के मुताबिक सत्येंद्र प्रसाद नाम का एक व्यक्ति इस मामले में सामने आया है, जो कथित तौर पर अवैध हथियार कारोबार से जुड़ा हुआ है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उसके नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस पूरे ऑपरेशन के लिए करीब 100 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने चिन्हित स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले समय में इस मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
