पटना: बिहार के क्रिकेट प्रेमियों के लिए इंतजार की घड़ी खत्म होने वाली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने राजगीर में बने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को हरी झंडी दिखा दी है। इसके साथ ही स्टेडियम के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) को सौंप दी गई है। आज नीतीश कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई। अब जल्द ही बिहार के राजगीर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन होता नजर आएगा।
जल्द हकीकत बनेगा बिहार में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का सपना
बताते चलें, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। राजगीर में पहले ही कई खेलों के स्टेडियम बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन क्रिकेट का अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम लंबे समय से राज्य का सपना था, जो अब हकीकत बनने जा रहा है। राजगीर क्रिकेट स्टेडियम बीसीए को सौंपे जाने के बाद अब यहां अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के आयोजन का रास्ता साफ हो चुका है।
ऐसे हुआ अंतर्राष्ट्रीय मैच कराने का रास्ता साफ
बताते चलें कि बीसीए, बीसीसीआई की ही गवर्निंग बॉडी है। जिसका संचालन बीसीसीआई की ओर से ही किया है। क्रिकेट ग्राउंड का मेंटेनेंस, रख रखाव और अन्य सभी चीज बीसीए करेगा। ऐसे में अब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच के आयोजन के समय बीसीसीआई, बीसीए से ग्राउंट ले सकेगा। ऐसे में बिहार में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच कराने का रास्ता साफ हो चुका है।

