कभी दीपावली सिर्फ दीयों की नहीं, दिलों के मिलन की थी। वह समय था जब हर आंगन से आती खुशबू यह बताती थी कि त्यौहार केवल घरों में नहीं, रिश्तों में मनाया जा रहा है। तब लोग हफ्तों पहले से तैयारी में जुट जाते थे। घरों की सफाई, रंगोली की डिज़ाइन, पकवानों की खुशबू और नए कपड़ों की खनक हर दिल में उत्साह भर देती थी। दिवाली की रातें सिर्फ खिड़कियों से झिलमिलाती रोशनी की नहीं, बल्कि हंसी-मजाक, गीत-संगीत और अपनत्व की गर्माहट की मिसाल थीं।
आज सब कुछ वही है, लेकिन कुछ भी पहले जैसा नहीं। जिस दीपावली की रात पूरे मोहल्ले में हँसी की गूंज सुनाई देती थी, अब वहीं मोबाइल की चमक में सब खो गया है। आज घर वही हैं, लोग वही हैं, लेकिन उनके चेहरों पर सन्नाटा, आंखों में थकान और रिश्तों में फीकी पड़ चुकी वो चकमक दिखती है। पहले लोग कहते थे, “फिर ऐसा पल कब मिलेगा।” लेकिन अब कोई पल रुका ही नहीं जो याद रखा जाए।
आज के दीपों की लौ बिजली से जलती है, दिलों से नहीं। सोशल मीडिया की रीलों ने असली रीलों का चार्म छीन लिया है। अब कैमरे से यादें नहीं बनतीं, बस कंटेंट बनता है। जहां पहले लोग एक-दूसरे के घर जाकर मिठाई बांटते थे, अब सिर्फ फॉरवर्ड किए गए मैसेज और इमोजी “शुभ दीपावली” कह देते हैं। न उन मिठाइयों की मिठास बाकी रही, न रिश्तों के स्वाद में वो अपनापन।
पहले महिलाएं सुबह से ही पकवानों में व्यस्त रहती थीं, बच्चे रंगोली में रंग भरते थे, पुरुष सजावट में मदद करते थे। शाम की आरती के बाद आसमान में छूटते पटाखे खुशी की झंकार थे। अब पूजा तो होती है, पर दिलों में श्रद्धा की जगह जल्दी खत्म होने वाली औपचारिकता ने ले ली है। एक-दो घंटे की औपचारिक मुस्कुराहट के बाद सब अपने-अपने कमरों में, मोबाइल की स्क्रीन के पीछे सिमट जाते हैं।
दिवाली अब रातभर जगने वाली खुशी नहीं रही, कुछ घंटों की “सोशल मीडिया तस्वीरों” तक सीमित हो गई है। पहले पटाखे सुबह तक गूंजते थे, अब लोग रात के नौ बजे ही थककर सो जाते हैं। बाहर सन्नाटा और भीतर का खालीपन मिलकर त्यौहार को बस “छुट्टी का दिन” बना चुका है।
कभी दीए दिलों को रोशन करते थे, अब बिजली की लाइटें सिर्फ दीवारें चमकाती हैं। कभी खेलों और हंसी में रिश्ते गहराते थे, अब मोबाइल स्क्रीन के स्क्रॉल में सब कुछ खो गया है। सच कहें तो अब त्योहारों में बस दिखावा बचा है—भावनाएं खत्म हो गई हैं।
त्योहार अब भी आते हैं, लेकिन मन से नहीं, कैलेंडर की तारीख से। अपनापन अब भी है, लेकिन बस तस्वीरों में। और शायद यही सबसे बड़ा अफसोस है, त्योहार अब त्यौहार जैसे नहीं लगते।

