राजगीर। पाटलिपुत्र खेल परिसर से लेकर राजगीर की राज्य खेल अकादमी तक इन दिनों स्कूली खिलाड़ियों की प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। पटना प्रमंडल स्तरीय अंतरजिला विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 में छह जिलों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी क्षमता दिखाई। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर के चयनित खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में मुकाबले किए। खास बात यह रही कि टेबल टेनिस में पटना के खिलाड़ियों ने सभी आयु वर्गों में खिताब अपने नाम कर दबदबा कायम किया, जबकि एथलेटिक्स और ताइक्वांडो में भी पटना के खिलाड़ियों ने कई पदक अपने नाम किए। वहीं शतरंज, हैंडबॉल और हॉकी में भी विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया। प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग, बिहार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना द्वारा किया गया। मुकाबले पाटलिपुत्र खेल परिसर समेत पटना के विभिन्न खेल मैदानों और राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में कराए गए।
एथलेटिक्स में पटना के साथ कैमूर और नालंदा ने भी छोड़ी छाप
पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बालक अंडर-17 की 200 मीटर दौड़ में पटना के उज्जवल कान्त कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी आयु वर्ग की 800 मीटर दौड़ में कैमूर के जीतेन्द्र कुमार ने बाजी मारी और नालंदा के जैकी कुमार दूसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 की 200 मीटर दौड़ में पटना के आयुष रंजन ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-19 की 800 मीटर स्पर्धा में कैमूर के सुमित यादव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लंबी दूरी की दौड़ में भी मुकाबला दिलचस्प रहा। बालक अंडर-17 की 3000 मीटर स्पर्धा में नालंदा के जैकी कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। बक्सर के अभिषेक तिवारी दूसरे और भोजपुर के वीरा कुमार पाल तीसरे स्थान पर रहे। बालिका अंडर-17 की 3000 मीटर स्पर्धा में पटना की प्रीति कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता।
हैंडबॉल में पटना, भोजपुर और कैमूर के खिलाड़ियों का दम
राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में आयोजित हैंडबॉल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बालक अंडर-14 वर्ग में पटना और भोजपुर के बीच मुकाबला हुआ। अंडर-17 में कैमूर और पटना की टीमें आमने-सामने रहीं, जबकि अंडर-19 में भोजपुर और पटना के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। राजगीर में आयोजित हैंडबॉल और हॉकी स्पर्धाओं का उद्घाटन खेल विभाग के संयुक्त सचिव निरंजन कुमार और राज्य खेल अकादमी के उपनिदेशक मिथिलेश कुमार ने किया।
ताइक्वांडो में कई भार वर्गों में पटना का दबदबा
खेल भवन-सह-व्यायामशाला, पटना में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अलग-अलग भार वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया। अंडर-14 के 27-29 किलोग्राम भार वर्ग में पटना के मो. फाराद ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि नालंदा के आयूष कुमार दूसरे रहे। 32-35 किलोग्राम में पटना के भरत राज ने स्वर्ण पदक जीता। 41 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में भी पटना के अंकुश कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं 35-38 और 38-41 किलोग्राम वर्ग में नालंदा के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
टेबल टेनिस में पटना का क्लीन स्वीप
पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता पटना के नाम रही। बालक अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19—तीनों आयु वर्गों में पटना के खिलाड़ियों ने शीर्ष स्थान हासिल किया। अंडर-14 में आयुष मिश्रा, विवान वर्मा और मिहूल गूहा ने शीर्ष स्थान हासिल किए। अंडर-17 में अर्णव, प्रज्ञान और सतवीर ने बाजी मारी, जबकि अंडर-19 में आकाश केशरी, फरजान अहमद और ऋषिक ने शानदार प्रदर्शन किया।
शतरंज में पटना की मजबूत मौजूदगी
पाटलिपुत्र खेल परिसर स्थित शतरंज अकादमी में हुए मुकाबलों में भी पटना के खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रभावी रहा। अंडर-17 वर्ग में पटना के सत्यम शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-19 में पटना के तन्मय राज, कार्तिकेय नंदन और रायिर्थ वत्स ने शीर्ष तीन स्थानों पर कब्जा जमाया। अंडर-14 में भोजपुर के देवाशी तेवारी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि पटना के जाविन जायसवाल और अर्पित सहाय क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतिभा की पहचान से राज्य स्तर तक पहुंचेगा मंच
इस अंतरजिला विद्यालय खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है। प्रतियोगिता के जरिए अलग-अलग खेल विधाओं में उभर रही स्कूली प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयन प्रक्रिया में अवसर मिल सकता है। पांच दिनों तक चले इस खेल आयोजन ने पटना प्रमंडल के छह जिलों के स्कूली खिलाड़ियों को एक ऐसा मंच दिया, जहां मैदान पर पदक के साथ-साथ आगे बढ़ने का सपना भी दांव पर था। अलग-अलग खेलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह संकेत दिया कि प्रमंडल के स्कूलों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है—जरूरत उन्हें सही मंच, प्रशिक्षण और लगातार अवसर देने की है।

