Rajgir : एक ओर आसमान में लहराता तिरंगा... दूसरी ओर उसके नीचे दुनिया के अलग-अलग कोनों से आए युवा चेहरे। किसी की मातृभूमि भारत से हजारों किलोमीटर दूर है, तो किसी की भाषा, संस्कृति और परंपरा बिल्कुल अलग। लेकिन 15 अगस्त की सुबह नालंदा विश्वविद्यालय का परिसर ऐसा नजर आया, मानो दुनिया की विविधता एक ही तिरंगे की छांव में आकर एक हो गई हो। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर यह दृश्य सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि उस नालंदा की जीवंत तस्वीर था, जहां सदियों पहले ज्ञान ने सीमाओं को पार किया था और आज फिर दुनिया भर के युवा उसी परंपरा को आगे बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं।
नालंदा विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कुलपति प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और विश्वविद्यालय के वैश्विक छात्र समुदाय, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सहभागिता से जुड़े साझेदारों को संबोधित किया।
तिरंगे के नीचे दुनिया के 35 देशों की युवा शक्ति
अपने संबोधन में कुलपति ने नालंदा विश्वविद्यालय की तेजी से बढ़ती वैश्विक पहचान को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में अब 1,000 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और इनमें 35 देशों के विद्यार्थी शामिल हैं। इस वर्ष विश्वविद्यालय को 72 देशों से आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने युवाओं को “भारत के भविष्य के वास्तुकार” बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की भूमिका केवल पढ़ाई और अकादमिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्हें विश्वविद्यालय के प्रशासन, संचालन और सामाजिक जिम्मेदारियों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
नालंदा की पुरानी विरासत, भविष्य की नई तस्वीर
विकसित भारत @2047 की चर्चा करते हुए प्रोफेसर चतुर्वेदी ने भारत की विकास यात्रा को ग्लोबल साउथ के साझेदार देशों से जोड़ने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नालंदा की सबसे बड़ी विरासत ही यह रही है कि ज्ञान कभी सीमाओं में कैद नहीं रहा।
सदियों पहले दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लोग नालंदा आते थे, ज्ञान साझा करते थे और उसे मिलकर विकसित करते थे। आज 35 देशों के विद्यार्थियों की मौजूदगी उसी वैश्विक ज्ञान-परंपरा की आधुनिक तस्वीर पेश करती है।
शोध, एआई और संस्कृत से खुलेगा ज्ञान का नया क्षितिज
विश्वविद्यालय में अंतर-विषयक शोध और अकादमिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में शोध क्लस्टरों और फैकल्टी कोलोक्वियम को बढ़ावा दिया जाएगा। विद्यार्थियों की शोध में भागीदारी बढ़ाने, विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ सेमेस्टर एक्सचेंज और विद्यार्थियों के नेतृत्व में अकादमिक जर्नल को प्रोत्साहित करने की योजना है।
नालंदा के अकादमिक विस्तार में साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी स्टडीज, डेटा साइंस एंड एआई और संस्कृत के नए कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय में 27 अल्पकालिक कार्यक्रम और 54 वैकल्पिक पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
कैंपस से निकलकर समाज तक पहुंचेगी युवाओं की ऊर्जा
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रभाव केवल परिसर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। विद्यार्थियों का आसपास के समुदायों से जुड़ाव उन्हें सामाजिक प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी का वास्तविक अनुभव देगा।
इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए LEAP 2.0 के तहत इस वर्ष 40 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सहयोग देने के साथ विश्वविद्यालय और आसपास के समुदायों के लिए सार्थक स्वैच्छिक योगदान को बढ़ावा देना है।
दुनिया की बदलती तस्वीर पढ़ेंगे नालंदा के विद्यार्थी
कुलपति ने विद्यार्थियों से अपने विषय की सीमाओं से आगे बढ़कर दुनिया को समझने का आह्वान किया। भू-राजनीति, अर्थव्यवस्था, तकनीक और पर्यावरण में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच विद्यार्थियों को शोध, कौशल विकास और व्यावहारिक सीख के जरिए भविष्य के लिए तैयार होने की जरूरत पर जोर दिया गया।
डिजिटल युग में सोशल मीडिया और इंटरनेट पर उपलब्ध सूचनाओं को लेकर आलोचनात्मक और सजग दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता भी उन्होंने रेखांकित की।
न्याय, शांति और सतत विकास पर वैश्विक संवाद
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “विश्व न्याय, शांति और सतत विकास : विश्वविद्यालयों की भूमिका” विषय पर विशेष पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने की।
चर्चा में येल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर थॉमस पोगे, नॉर्वे के पूर्व पर्यावरण एवं अंतरराष्ट्रीय विकास मंत्री एरिक सोलहाइम, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अमिताभ मट्टू तथा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की प्रोफेसर अंजू शरण उपाध्याय ने हिस्सा लिया। वैश्विक न्याय, शांति, स्थिरता और बदलती विश्व व्यवस्था में विश्वविद्यालयों की भूमिका पर विचार साझा किए गए।
जब तिरंगे के रंगों में रंगी दुनिया
समारोह के अंत में अलग-अलग देशों से आए विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और खास बना दिया। अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं से आए युवाओं ने भारत के स्वतंत्रता दिवस को अपने-अपने अंदाज में मनाया।
तिरंगे के नीचे खड़े ये युवा चेहरे नालंदा की उस सोच का प्रतीक बने, जिसमें भारत की मिट्टी से निकला ज्ञान दुनिया को जोड़ता है और दुनिया से आया युवा भारत के भविष्य में अपनी भूमिका तलाशता है।

