मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को करेंगे विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का शुभारंभ, एक महीने तक सजेगा देश-दुनिया के पर्यटकों का जमघट : मंदिर दर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फाइव स्टार जैसी सुविधाओं वाले स्वीस कॉटेज और पटना से स्पेशल टूर पैकेज बनेगा इस बार खास आकर्षण।
Patna। बिहार का विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला एक बार फिर अपने पूरे शाही अंदाज में सजने जा रहा है। इस बार मेले में सिर्फ हाथी-घोड़े, पशु बाजार और ग्रामीण संस्कृति का आकर्षण ही नहीं होगा, बल्कि पर्यटकों के लिए राजवाड़ी ठाठ और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का भी पूरा इंतजाम किया गया है। आप परिवार के साथ सोनपुर मेला घूमना चाहते हैं तो अब पटना से एसी गाड़ी में सफर, टूरिस्ट गाइड, हरिहरनाथ मंदिर के दर्शन और रात में राजवाड़ी टेंट में ठहरने तक का पैकेज उपलब्ध होगा।
विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का शुभारंभ रविवार, 22 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। मेले का आयोजन एक महीने तक होगा। पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह के अनुसार, पर्यटन विभाग ने इस बार मेले को भव्य और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक बनाने की तैयारी की है।

₹3000 में राजवाड़ी टेंट, फाइव स्टार जैसी सुविधाओं का आनंद
इस बार सोनपुर मेले का सबसे खास आकर्षण पर्यटन ग्राम में तैयार किए गए छह राजवाड़ी टेंट यानी स्वीस कॉटेज होंगे। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने इन्हें अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कराया है। इन कॉटेज में डबल बेड और अटैच बाथरूम की सुविधा होगी। देसी पर्यटकों के लिए किराया 3000 रुपये प्रतिदिन और विदेशी पर्यटकों के लिए 5000 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। पर्यटन विभाग का उद्देश्य कम दरों पर पर्यटकों को आरामदायक ठहराव उपलब्ध कराना है, ताकि लोग मेले का आनंद लेने के साथ पर्यटन ग्राम में भी समय बिता सकें।
₹5200 में दो लोगों का फैमिली टूर, गाड़ी से लेकर खाना तक शामिल
परिवार के साथ सोनपुर घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए पर्यटन निगम ने एक रात और दो दिन का विशेष फैमिली टूर पैकेज तैयार किया है। दो लोगों के लिए इसकी कीमत 5200 रुपये रखी गई है।इस पैकेज में एसी इटियोस वाहन, टूरिस्ट गाइड, ठहरने की व्यवस्था, ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर, स्नैक्स और पानी उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार, पहले दिन दोपहर 12 बजे पर्यटन निगम कार्यालय से वाहन सोनपुर के लिए रवाना होगा। वहां पर्यटक हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे और पर्यटन ग्राम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन मेला भ्रमण कराया जाएगा। दोपहर 3:30 बजे तक पटना वापसी होगी।
₹900 से शुरू सोनपुर मेले की सैर, गाड़ी के हिसाब से अलग-अलग किराया
अगर आपके पास एक ही दिन का समय है तो भी सोनपुर मेला घूमने का मौका मिलेगा। पर्यटन निगम ने दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक का एकदिवसीय टूर पैकेज भी तैयार किया है।
इसमें अलग-अलग वाहनों के अनुसार प्रति पर्यटक किराया निर्धारित किया गया है।
- एसी बस, विंगर और डेकर बस : 900 रुपये
- एसी ट्रैवलर : 1000 रुपये
- इनोवा : 1150 रुपये
- इटियोस : 1400 रुपये
इस पैकेज में वाहन, प्रशिक्षित टूरिस्ट गाइड, स्नैक्स और पानी की सुविधा मिलेगी। पर्यटकों को हरिहर क्षेत्र मेला भ्रमण, प्रमुख दर्शनीय स्थलों की सैर और हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन कराया जाएगा।
सांस्कृतिक पंडाल से आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज तक, हर दिन होगा मनोरंजन
पर्यटन विभाग ने मेले में सांस्कृतिक गतिविधियों को भी खास महत्व दिया है। इसके लिए सांस्कृतिक पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज का निर्माण कराया गया है। पूरे मेला अवधि में सांस्कृतिक पंडाल में प्रतिदिन जिला प्रशासन द्वारा चयनित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र बनाया गया है। यहां पर्यटकों को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ प्रशिक्षित पर्यटक गाइड भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
ऑनलाइन बुकिंग और जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
सोनपुर मेले के स्पेशल टूर पैकेज और राजवाड़ी कॉटेज की बुकिंग तथा विस्तृत जानकारी के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.bstdc.bihar.gov.in पर विजिट किया जा सकता है। इस बार सोनपुर मेले में घूमने के साथ ठहरने का अंदाज भी बदला हुआ होगा। अब देखना यह है कि राजवाड़ी टेंट, एसी टूर पैकेज और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह आयोजन कितने पर्यटकों को अपनी ओर खींच पाता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!