गोविंद मित्रा रोड के सात प्रतिष्ठानों में छापेमारी से खुली अनियमितताओं की परतें; पांच जिलों में कार्रवाई, 1.41 लाख रुपये से अधिक की दवाएं जब्त, 29 औषधियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
Patna। जिस दवा को खरीदकर कोई मरीज अपनी बीमारी से राहत पाने की उम्मीद करता है, अगर वही दवा एक्सपायरी हो या उसके लेबल में गड़बड़ी हो, तो यह सिर्फ नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि लोगों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ है। बिहार में दवाओं के कारोबार की ऐसी ही चिंताजनक तस्वीर औषधि नियंत्रण विभाग की ताजा छापेमारी में सामने आई है। राजधानी पटना के सबसे चर्चित दवा कारोबार केंद्र गोविंद मित्रा रोड पर सात प्रतिष्ठानों की जांच में कई अनियमितताएं मिलीं। कहीं एक्सपायरी दवाएं बिकने के लिए रखी थीं, तो कहीं खरीद के बिल गायब थे। एक डिस्ट्रीब्यूटर का गोदाम तक सील करना पड़ा।
स्वास्थ्य विभाग के औषधि नियंत्रण विभाग ने 25 और 26 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी और समस्तीपुर में सघन निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पटना के सात प्रतिष्ठानों से 1,41,056.71 रुपये मूल्य की औषधियां जब्त की गईं और पांच जिलों से कुल 29 दवाओं के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए।
गोविंद मित्रा रोड पर खुलीं अनियमितताओं की सात कहानियां
केसर वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूटर में एक्सपायरी सेफिल-सीवी 250 और 500 के तीन बैच की 11 स्ट्रिप जब्त की गईं। 12 दवाओं के खरीद अभिलेख नहीं मिलने पर बिक्री रोकी गई। खुदरा और थोक दवाएं एक ही परिसर में रखी मिलीं। बिना अनुज्ञप्ति प्रस्तुत किए संचालित गोदाम को सील कर दिया गया। यहां चार दवाओं के नमूने भी लिए गए।
मां भवानी ड्रग हाउस में एक्सपायरी और गलत लेबल वाली 315 स्ट्रिप दवाएं जब्त की गईं, जिनकी कीमत 19,642.25 रुपये है। 18 दवाओं के निपटान पर रोक लगाई गई।
आशीर्वाद इंटरप्राइजेज में एक्सपायरी नर्विजेन प्लस इंजेक्शन की 120 यूनिट जब्त हुईं, जिनकी कीमत 13,620 रुपये है। 18 प्रकार की दवाओं की बिक्री और तीन प्रकार की गैर-अनुमोदित दवाओं के वितरण पर रोक लगाई गई।
एसजी इंटरप्राइजेज में चिकित्सकों को मुफ्त दिए जाने वाले दवा नमूने और गलत लेबल वाली औषधियां मिलीं। 3,090 रुपये मूल्य की 13 स्ट्रिप जब्त की गईं तथा छह दवाओं की बिक्री रोकी गई।
बरनवाल इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में खरीद अभिलेख और आवश्यक फॉर्म-V नहीं मिलने पर संबंधित दवाओं के निपटान पर रोक लगी। सुखी इंटरप्राइजेज में 14 प्रकार की दवाओं के खरीद अभिलेख नहीं मिले। प्रतिष्ठान की अनुज्ञप्ति रद्द है और इससे जुड़ा अपीलीय वाद संख्या 03/2026 लंबित है। आरआरबी ड्रग एजेंसी में तीन प्रकार की दवाओं के खरीद-बिक्री बिल नहीं मिले। स्टॉक, बिक्री अभिलेख और एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव में भी गड़बड़ी पाई गई।
भागलपुर से मधुबनी तक कार्रवाई, बिना लाइसेंस लाखों की दवाएं!
भागलपुर के गोराडीह स्थित दीपक मेडिकल हॉल में अधिकृत योग्य व्यक्ति अनुपस्थित मिला। खरीद-बिक्री और अनुसूची H1 रजिस्टर के रखरखाव में गड़बड़ी पर दो दवाओं की बिक्री रोकी गई। सन्हौला के यूनुस मेडिकल एजेंसी की व्यवस्था संतोषजनक मिली, जबकि नाथनगर का शंकर मेडिकल हॉल बिना अनुज्ञप्ति संचालित पाया गया, जहां छापेमारी जारी है।
मधुबनी के बुद्ध नगर कॉलोनी स्थित भूषण मेडिकल हॉल में बिना वैध अनुज्ञप्ति के कारोबार हो रहा था। यहां बिक्री के लिए रखी 40 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं, जिनकी कीमत 1,04,704.46 रुपये है।
समस्तीपुर के बाबा इंटरप्राइजेज में भी अनियमितताएं मिलीं। वहीं गयाजी के गौरव फार्मा में पूर्व में समर्पित की जा चुकी अनुज्ञप्ति के आधार पर दवा कारोबार संचालित पाया गया। चार दवाओं के खरीद बिल नहीं मिलने पर बिक्री रोकी गई और छह दवाओं के नमूने लिए गए। यहां रेफ्रिजरेटर, अनुज्ञप्ति का प्रदर्शन और साइन बोर्ड तक नहीं मिले। एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग भंडारण की व्यवस्था नहीं थी और दवाओं के कार्टन सीधे फर्श पर रखे मिले।
29 दवाओं की गुणवत्ता जांच, आगे भी जारी रहेगी छापेमारी
पांच जिलों की कार्रवाई में कुल 29 औषधियों के नमूने जांच के लिए लिए गए, जिनमें अकेले पटना के सात प्रतिष्ठानों से 16 नमूने शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवाओं की खरीद, भंडारण और बिक्री पर निगरानी जारी रहेगी तथा अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
दवाओं का कारोबार विश्वास पर चलता है। मरीज दुकान से दवा खरीदते समय उसकी गुणवत्ता की जांच नहीं कर सकता, वह दुकानदार और व्यवस्था पर भरोसा करता है। ऐसे में यह छापेमारी सिर्फ दवा कारोबारियों के लिए चेतावनी नहीं, बल्कि उस भरोसे को बचाने की भी कोशिश है, जिसके सहारे आम आदमी अपनी और अपने परिवार की जिंदगी सुरक्षित रखने की उम्मीद करता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!