Nalanda। लहेरी थाना पुलिस को सात साल पुराने एक संगीन मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की लिखित परीक्षा 2019 में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राकेश कुमार को पुलिस ने पटना से गिरफ्तार कर लिया है। लहेरी थाना के अपर थानाध्यक्ष ऋतुराज ने बताया कि आरोपी पिछले सात साल से पुलिस की गिरफ्त से बचकर फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह Patna में छिपा हुआ है।
सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना जिले के बाईपास थाना क्षेत्र में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामला 16 जून 2019 का है। उस दिन बिहारशरीफ के रांची रोड स्थित कैरियर पब्लिक स्कूल में केंद्र संख्या 1109 पर केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान सुबह करीब 11:30 बजे जांच के क्रम में वीक्षकों ने दो फर्जी परीक्षार्थियों को रंगे हाथों पकड़ा था। दोनों वास्तविक परीक्षार्थियों की सहमति से उनके स्थान पर परीक्षा दे रहे थे।
तत्कालीन केंद्राधीक्षक संदीप कुमार के आवेदन पर लहेरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसमें जहानाबाद जिले के दो युवकों को नामजद किया गया था। इनमें पाली थाना क्षेत्र के पाली निवासी अशोक सिंह के पुत्र कौशल कुमार को कमरा संख्या छह में वास्तविक परीक्षार्थी राकेश कुमार (अनुक्रमांक 1011090617) के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया था। वहीं, गौरक्षणी निवासी देवेंद्र सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार को परीक्षा कक्ष में वास्तविक परीक्षार्थी जितेंद्र कुमार (अनुक्रमांक 811090517) के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया था।
पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी और बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राकेश कुमार की गिरफ्तारी अब पटना से की गई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!