गायत्री मंत्र से शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या, दादरा-कजरी-ठुमरी की प्रस्तुतियों ने भारतीय संगीत और शास्त्रीय कला की समृद्ध परंपरा को किया जीवंत
नालंदा। नालंदा की ऐतिहासिक धरती पर जब शास्त्रीय संगीत के सुर गूंजे और कथक की थिरकन ने मंच पर भारतीय संस्कृति की खूबसूरती बिखेरी, तो पूरा माहौल कला और अध्यात्म के रंग में रंग गया। नव नालन्दा महाविहार के 76वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित ‘नालन्दा महोत्सव’ की सांस्कृतिक संध्या में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी के कलाकारों और महाविहार के विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। शास्त्रीय नृत्य, गायन और वाद्य संगीत के अनूठे संगम ने इस शाम को यादगार बना दिया।
गायत्री मंत्र से कथक की शुरुआत, भाव-भंगिमाओं ने मोहा मन
शाम 6:30 बजे शुरू हुए इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के मंच कला संकाय के नृत्य विभाग की प्रो. विधि नागर ने रागिनी कल्याण, शिखा रमेश, शिवानी कश्यप एवं सुरैया इस्लाम रिया के साथ कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रस्तुति की शुरुआत गायत्री मंत्र से हुई। इसके बाद विश्वनाथाष्टकम् और ध्रुपद रचना ‘डमरू हर कर बाजे’ पर कलाकारों ने अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन किया।
कलाकारों की भाव-भंगिमाओं, लय, ताल और पद-संचालन ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की आध्यात्मिकता और भक्ति भावना को मंच पर साकार कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय शास्त्रीय कला की गहराई और खूबसूरती से रूबरू कराया।
दादरा, कजरी और ठुमरी के सुरों से गूंजा महोत्सव का मंच
कथक के बाद काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के मंच कला संकाय के गायन विभाग की संगीता पंडित ने शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत की सुमधुर प्रस्तुति दी। गायन में निवेदिता श्याम और समयिता पांजा ने उनका सहयोग किया। वहीं, वाद्य संगत में डॉ. इन्द्रदेव चौधरी ने हारमोनियम, शनीश कुमार ने बाँसुरी और अमित कुमार ईश्वर ने तबले पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में दादरा, कजरी, चैती, ठुमरी और झूला जैसी पारंपरिक गायन शैलियों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संगीत की विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि को जीवंत कर दिया। सुरों की इस महफिल ने श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।
महाविहार के विद्यार्थियों ने भी दिखाई अपनी प्रतिभा
इस सांस्कृतिक संध्या में नव नालन्दा महाविहार के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। महाविहार के छात्र ओंकार कुमार और छात्रा दिव्यांशी आनन्द ने गायन प्रस्तुत किया। वहीं, दिव्यांशु आनन्द ने तबले पर संगत की। इसके अलावा सौरभ उपाध्याय ने ढोलक, अविनाश पाण्डेय ने की-बोर्ड और सुमन कुमार ने बैंजो वादन से कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को दर्शकों की खूब सराहना मिली। उनकी सृजनशीलता और कलात्मक प्रतिभा ने यह दिखाया कि महाविहार में शिक्षा के साथ-साथ कला और संस्कृति को भी विशेष महत्व दिया जाता है।
कुलपति ने अतिथि कलाकारों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान नव नालन्दा महाविहार के कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह ने अतिथि कलाकारों को पारंपरिक खतक पहनाकर और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना भी की।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय और नव नालन्दा महाविहार के कलाकारों की साझा भागीदारी ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान और शैक्षणिक संस्थानों के बीच आपसी सहयोग की भावना को मजबूत किया। इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में महाविहार के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी, विद्यार्थी और शोधार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और नालन्दा महोत्सव की इस सांस्कृतिक शाम का भरपूर आनंद लिया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!