बिहारशरीफ : लहेरी थाना क्षेत्र के भैंसासुर-रांची रोड स्थित एक निजी क्लीनिक में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नजराना नहीं मिलने पर किन्नरों की टोली ने जमकर बवाल काट दिया। आरोप है कि किन्नरों ने क्लीनिक में घुसकर तोड़फोड़ की, कर्मियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया, यहां तक कि चिकित्सक को भी पीट दिया। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर किन्नरों को खदेड़ दिया। क्लीनिक कर्मियों के अनुसार, करीब 20 से 25 किन्नर नजराना मांगने पहुंचे थे। गार्ड ने उन्हें रोकते हुए बताया कि चिकित्सक मौजूद नहीं हैं। इस दौरान कर्मी 500 रुपये देने को तैयार थे, लेकिन किन्नर 10 हजार रुपये की मांग पर अड़े रहे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के दर्जनों लोग मौके पर जुट गए और हालात संभालने की कोशिश की। हालांकि स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने डंडा लेकर किन्नरों को वहां से खदेड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ किन्नरों को हिरासत में लिया।
वहीं, किन्नरों ने भी क्लीनिक कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब आठ लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच जारी है। इधर, स्थानीय दुकानदारों ने किन्नरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गुरुवार को दिनभर किन्नरों की टोली इलाके में घूम-घूमकर नजराना वसूल रही थी। दुकानदारों का आरोप है कि स्वेच्छा से रुपये देने पर भी किन्नर संतुष्ट नहीं होते और मनमानी रकम की मांग करते हैं। विरोध करने पर लोगों के साथ अभद्र व्यवहार और परेशान करने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
