बिहारशरीफ : जनसुराज पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए नालंदा से चुनावी हुंकार भरी है। रविवार को दीपनगर के एक निजी सभागार में आयोजित विशेष संगठन मिलन समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब जदयू का कोई भविष्य नहीं है और नीतीश जी की विरासत को जनसुराज ही आगे ले जाएगा। उन्होंने कहा कि नालंदा मुख्यमंत्री का गृह जिला है, लेकिन आज प्रदेश की जो स्थिति है, उसे देखते हुए बदलाव निश्चित है। हमारा लक्ष्य 2025 में नालंदा की सातों विधानसभा सीटों पर जनसुराज के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करना है। इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने जदयू के पुराने साथियों से अपील करते हुए कहा कि नीतीश बाबू के साथ हमने भी काम किया है और प्रशांत किशोर जी ने भी। लेकिन अब समय आ गया है कि आप समझें कि जदयू का भविष्य सुरक्षित नहीं है। जनसुराज ही आपका असली घर है, यहां आइए और हम मिलकर 2025 में आपकी सरकार बनाएंगे। उन्होंने प्रशांत किशोर के साथ आने को 'एक और एक ग्यारह' की ताकत बताया। मौके पर अरविंद कुमार, विनोद कुमार, संजीव सिंह, अरुण कुमार चंचुल, दीपेश सिंह आदि मौजूद थे।

