पटना: दवा की दुकान से खरीदी गई दवा कितनी सुरक्षित है? उसकी खरीद का रिकॉर्ड सही है या नहीं? एक्सपायरी दवाएं कहां रखी जा रही हैं? इन सवालों की पड़ताल के लिए बिहार में औषधि नियंत्रण विभाग ने एक साथ छह जिलों में सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया। 26 और 27 नवंबर को पटना, भागलपुर, मधुबनी, गयाजी, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के कुल 14 दवा प्रतिष्ठानों एवं गोदामों में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड से लेकर एक्सपायरी दवाओं के भंडारण तक कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अभियान में कुल 109 औषधियों की बिक्री एवं निपटान पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता जांच के लिए 22 दवाओं के नमूने लिए गए, जबकि भागलपुर और मधुबनी में दो प्रतिष्ठानों से करीब 11,965 रुपये मूल्य की दवाएं जब्त की गईं। गयाजी में भी एक्सपायरी दवाएं जब्त की गई हैं, जिनका मूल्य अभी प्राप्त होना बाकी है।
पटना के गोविंद मित्रा रोड पर पांच दुकानों में मिली गड़बड़ी
राजधानी के दवा कारोबार के प्रमुख केंद्र गोविंद मित्रा रोड स्थित पांच प्रतिष्ठानों की जांच में खरीद, बिक्री और भंडारण से जुड़ी अनियमितताएं मिलीं। इन दुकानों की 68 औषधियों की बिक्री एवं निपटान पर रोक लगाई गई और 11 दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए।
आरआरबी ड्रग एजेंसी में तीन प्रकार की दवाओं के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर प्रपत्र-15 जारी कर उनके निपटान पर रोक लगाई गई। बिक्री रिकॉर्ड और स्टॉक में भी अनियमितताएं मिलीं। एक्सपायरी दवाओं के भंडारण की व्यवस्था नियमानुसार नहीं थी और एक्सपायरी रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं मिला। यहां से तीन दवाओं के नमूने लिए गए।
उदय पैलेस स्थित राजधानी मेडिको में दो दवाओं के खरीद रिकॉर्ड नहीं मिले। दुकान के बाहर साइन बोर्ड भी नहीं पाया गया और बिक्री से जुड़े अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। दोनों दवाओं की बिक्री पर रोक लगाते हुए दो नमूने लिए गए।
बेनी माधव लेन स्थित वैशाली इंटरप्राइजेज में 15 प्रकार की दवाओं के खरीद बिल नहीं मिले। बिक्री रिकॉर्ड और एक्सपायरी रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं था। यहां दो दवाओं के नमूने लिए गए।
न्यू प्रभात और न्यू मां भवानी फार्मा पर भी कार्रवाई
उदय पैलेस स्थित न्यू प्रभात फार्मा में 23 दवाओं के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उनकी बिक्री पर रोक लगा दी गई। बिक्री अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए गए। यहां से दो नमूने लिए गए।
वहीं, न्यू मां भवानी फार्मा में 25 प्रकार की दवाओं के खरीद बिल नहीं मिले। इनकी बिक्री पर रोक लगाने के साथ दो प्रकार की गैर-अनुमोदित दवाओं की बिक्री और वितरण पर भी रोक लगाई गई। यहां से भी गुणवत्ता जांच के लिए दो नमूने लिए गए।
भागलपुर में बिना लाइसेंस चल रहा था मेडिकल हॉल, 77 तरह की दवाएं जब्त
भागलपुर के नाथनगर स्थित मारवाड़ी पट्टी, ललमटिया के शंकर मेडिकल हॉल में छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान बिना वैध अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। विभाग ने करीब 11 हजार रुपये मूल्य की 77 प्रकार की दवाएं जब्त कीं। जांच में रैक पर एक्सपायरी दवाएं और छह प्रकार की होम्योपैथिक औषधियां भी रखी मिलीं।
पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण गुणवत्ता परीक्षण के लिए नमूने नहीं लिए जा सके। संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भागलपुर के एमपीडी रोड स्थित अनिल मेडिकल एजेंसी में छापेमारी की कार्रवाई जारी बताई गई।
मधुबनी में 72 एक्सपायरी इंजेक्शन जब्त
मधुबनी के अंधराठाढ़ी स्थित ननौर चौक के हिन्दुस्तान मेडिकल हॉल में छह प्रकार की दवाओं के खरीद अभिलेख नहीं मिले। इनकी बिक्री और निपटान पर रोक लगाई गई। इसके अलावा एक्सपायरी बेट 0.5 एमएल इंजेक्शन की 72 यूनिट जब्त की गईं, जिनकी कीमत 964.80 रुपये बताई गई है। खरीद और बिक्री रिकॉर्ड में भी अनियमितताएं मिलीं। विभाग प्रतिष्ठान से स्पष्टीकरण मांगेगा।
गयाजी में चार ठिकानों पर छापा, 35 दवाओं की बिक्री रोकी
गयाजी में चार स्थानों पर कार्रवाई की गई। गौरव फार्मा में पूर्व में समर्पित की जा चुकी अनुज्ञप्ति के आधार पर दवाओं का कारोबार संचालित पाया गया। चार दवाओं के खरीद बिल नहीं मिले। उनकी बिक्री पर रोक लगाते हुए छह दवाओं के नमूने लिए गए।
जांच में यहां रेफ्रिजरेटर और साइन बोर्ड भी नहीं मिला। बिक्री रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए गए और एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं थी। दवाओं के भंडारण में निर्धारित नियमों का पालन नहीं पाया गया।
इसके अलावा एफबीएस रोड स्थित मां जगदम्बा एजेंसी, मुरारपुर स्थित मां जगदम्बा एजेंसी के गोदाम और टेकारी रोड स्थित जगदम्बा एजेंसी में भी छापेमारी की गई। यहां एक्सपायरी दवाएं जब्त की गईं और 31 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गई। गुणवत्ता परीक्षण के लिए पांच नमूने लिए गए। इस तरह गयाजी में कुल 35 दवाओं की बिक्री रोकी गई और 11 नमूने जांच के लिए भेजे गए।
मुजफ्फरपुर में 24 घंटे में जवाब देने का नोटिस
मुजफ्फरपुर के सरैयागंज स्थित धोबिया गली के शाकंभरी ड्रग्स में एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने की व्यवस्था और संबंधित रजिस्टर नहीं मिला। खरीद बिल भी क्रमवार व्यवस्थित नहीं थे और दवाओं के बिक्री अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने औषधि नियमों के उल्लंघन को लेकर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने की बात कही है।
उधर, समस्तीपुर के मूलचंद रोड स्थित भगवती फार्मा में छापेमारी की कार्रवाई जारी बताई गई।
22 दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 26 और 27 नवंबर को चलाए गए अभियान में कुल 109 दवाओं की बिक्री एवं निपटान पर रोक लगाई गई। पटना और गयाजी से गुणवत्ता परीक्षण के लिए 22 नमूने लिए गए। भागलपुर और मधुबनी के दो प्रतिष्ठानों से करीब 11,965 रुपये की दवाएं जब्त की गईं। गयाजी में जब्त एक्सपायरी दवाओं का मूल्य अभी सामने आना बाकी है।
विभाग का कहना है कि दवाओं की खरीद, भंडारण, वितरण और बिक्री की नियमित निगरानी की जा रही है। जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।
सवाल सिर्फ रिकॉर्ड में गड़बड़ी का नहीं, बल्कि मरीजों तक पहुंचने वाली दवाओं की सुरक्षा का भी है। अब जांच के बाद संबंधित दुकानों पर क्या कार्रवाई होती है और लिए गए नमूनों की रिपोर्ट में क्या सामने आता है, इस पर नजर रहेगी।
आइडियासिटी न्यूज | पटना
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!