Patna : नए साल के आठवें दिन बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 22 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इस तबादले में मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर जिलों और नगर निगमों तक व्यापक बदलाव किए गए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की टीम में एक और आईएएस अधिकारी की एंट्री हुई है। नालंदा के नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा को मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। 2019 बैच के इस अधिकारी को नालंदा में बेहतर कार्यों के लिए यह जिम्मेदारी मिलने को उनके काम का इनाम माना जा रहा है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री सचिवालय में पांच आईएएस अधिकारी तैनात हैं।
वहीं 2020 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के टॉपर शुभम कुमार को भी नई पोस्टिंग मिली है। उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा का डीडीसी बनाया गया है। कटिहार निवासी शुभम कुमार ने अपने तीसरे प्रयास में सफलता हासिल की थी। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और एंथ्रोपोलॉजी वैकल्पिक विषय के साथ टॉप किया था।
जिलों और नगर निगमों में बड़े बदलाव
जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य के 9 जिलों में नए डीडीसी की तैनाती की गई है। इसके अलावा 7 नगर निगमों में नए नगर आयुक्त बनाए गए हैं और 5 आईएएस अधिकारियों को अनुमंडलों में एसडीओ के रूप में भेजा गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय की टीम में भी फेरबदल
सरकार ने मुख्यमंत्री सचिवालय में तैनात आईएएस और बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का भी तबादला किया है। बिहार प्रशासनिक सेवा के 11 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। सचिवालय के कई ओएसडी, उप सचिव और अन्य अधिकारियों को जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया है।
नौ जिलों में नए डीडीसी
सूर्य प्रताप सिंह (2021) – समस्तीपुर
लक्ष्मण तिवारी (2021) – सारण
श्रीकांत कुण्डलिक खाण्डेकर (2020) – पटना
शुभम कुमार (2021) – नालंदा
गौरव कुमार (2022) – गोपालगंज
काजले वैभव नितिन (2022) – बेतिया
दिव्या शक्ति (2022) – भभुआ
श्वेता भारती (2022) – खगड़िया
गौरव कुमार (2022) – सहरसा
सात नगर निगमों में नए आयुक्त
शिवाक्षी दीक्षित (2021) – बेतिया
निशांत विवेक (2020) – बिहार शरीफ
अभिषेक पलसिया (2020) – गया
पर्थ गुप्ता (2022) – मुंगेर
आशीष कुमार (2022) – मोतिहारी
किसलय कुशवाहा (2022) – भागलपुर
ऋतुराज प्रताप सिंह (2022) – मुजफ्फरपुर
पांच अनुमंडलों में नए एसडीओ
गरिमा लोहिया (2023) – बाढ़
अनिरुद्ध पाण्डेय (2023) – दानापुर
कृतिका मिश्रा (2023) – पटना सदर
आकांझा आनंद (2023) – मुजफ्फरपुर पश्चिम
रोहित कर्दम (2023) – नौगछिया
इसके अलावा 2019 बैच के आईएएस समीर सौरभ को कंफेड का प्रबंध निदेशक (MD) बनाया गया है।
नए साल की शुरुआत में हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को सरकार की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

