अब तक किसी डांडिया आयोजक को अनुमति नहीं | एसडीओ ने कहा—पहले जांच, फिर परमिशन
बिहारशरीफ। आगामी दुर्गापूजा के दौरान शहर में प्रस्तावित डांडिया उत्सव को लेकर प्रशासन ने बड़ा अपडेट दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी किशलय श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी डांडिया आयोजक को प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं दी गई है।
एसडीओ ने कहा कि प्रशासन के पास कुछ डांडिया आयोजनों की सूची प्राप्त हुई है। इन आयोजनों की जांच की जाएगी। नियम और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पर्याप्त व्यवस्थाएं मिलने पर ही आयोजन की अनुमति दी जाएगी। यदि निर्धारित शर्तें पूरी नहीं हुईं तो अनुमति नहीं दी जाएगी।
आयोजकों को आयोजन से पहले अग्निशमन विभाग और बिजली विभाग से आवश्यक एनओसी, स्थानीय थाना की एनओसी तथा सुरक्षा से जुड़ी अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ ही 500 से अधिक लोगों की भीड़ की अनुमति नहीं होगी।
बिना अनुमति डांडिया हुआ तो नहीं चलेगा आयोजन
अनुमंडल पदाधिकारी ने साफ कहा कि बिना प्रशासनिक अनुमति शहर या जिले में इस तरह का कोई आयोजन नहीं होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हों या निर्धारित नियमों का उल्लंघन हो।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि पहले सुरक्षा मानकों और नियमों की जांच होगी, उसके बाद ही अनुमति दी जाएगी। नियम पूरे नहीं करने वाले आयोजनों को अनुमति नहीं मिलेगी।
यानी इस दुर्गापूजा डांडिया के लिए उत्साह के साथ-साथ प्रशासनिक अनुमति और सुरक्षा नियमों का पालन भी अनिवार्य होगा।

