Nalanda : नालंदा जिले में बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अत्यधिक ठंड और सुबह-शाम घना कोहरा छात्रों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला दंडाधिकारी नालंदा कुंदन कुमार ने जिले के सभी विद्यालयों को लेकर सख्त आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार नालंदा जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और कोचिंग संस्थान सहित) में कक्षा 10 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर 31 दिसंबर 2025 तक रोक लगा दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षा को लेकर संचालित विशेष कक्षाएं एवं परीक्षाएं इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगी। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे जिला प्रशासन के आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उठाया गया है। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
जिले में इस आदेश के बाद अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन ने राहत की सांस ली है, वहीं ठंड के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।

