Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tanis
Trending News

शिक्षा के नाम पर लुट : लाखों की फीस फिर भी 80% छात्र फेल....शैक्षणिक कुव्यवस्था को लेकर गौतम इंस्टीट्यूट में छात्रों का फूटा गुस्सा

Blog Image
609

Bihar Sharif। नालंदा के भागन बीघा स्थित गौतम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में बुधवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के फेल होने, शिक्षकों की कमी, शैक्षणिक अव्यवस्था और परीक्षा में पास कराने के नाम पर कथित अतिरिक्त वसूली के आरोपों को लेकर छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। आक्रोशित विद्यार्थियों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख भागन बीघा, चेरो, वेना और रहुई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया।

80 फीसदी फेल तो सवालों के घेरे में व्यवस्था

प्रदर्शनकारी छात्र ऋषिकेश पटेल ने बताया कि बीएससी नर्सिंग पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा जनवरी में हुई थी। हाल में जारी परिणाम में करीब 80 फीसदी विद्यार्थियों को फेल कर दिया गया। छात्रों का दावा है कि कई विद्यार्थियों को महज तीन, चार और नौ अंक देकर फेल किया गया है।

विद्यार्थियों के मुताबिक बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई के लिए छात्राओं से करीब 7.5 लाख और छात्रों से 8.7 लाख रुपये तक शुल्क लिया जाता है। ऐसे में इतने भारी भरकम शुल्क के बावजूद परीक्षा परिणाम और पढ़ाई की स्थिति ने कॉलेज की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘मैनेज’ के नाम पर 80 हजार तक लेने का आरोप

बी.फार्मा सत्र 2024-28 के तृतीय सेमेस्टर के छात्र शशि राज ने कॉलेज प्रबंधन पर वित्तीय अनियमितता और कथित अवैध वसूली का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सरकारी योजना या डीआरसीसी से मिलने वाले शिक्षा ऋण की राशि के अलावा परीक्षा केंद्र ‘मैनेज’ कराने के नाम पर प्रति छात्र 80 हजार रुपये तक अतिरिक्त नकद लिया गया। आरोप है कि इस रकम की कोई रसीद भी नहीं दी गई।

छात्रों का कहना है कि अधिकांश परिवार मध्यमवर्गीय और किसान पृष्ठभूमि से हैं। परिजनों की गाढ़ी कमाई और कर्ज के सहारे लाखों रुपये फीस देने के बाद भी यदि परीक्षा के समय शैक्षणिक सहयोग नहीं मिले और बड़ी संख्या में विद्यार्थी फेल हो जाएं तो छात्रों का आक्रोश स्वाभाविक है।

कागज पर 18 शिक्षक धरातल पर 4-5

विद्यार्थियों ने शिक्षकों की उपलब्धता पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका दावा है कि संस्थान के दस्तावेजों में 18 प्राध्यापक दर्ज हैं, जबकि नियमित रूप से महज चार-पांच शिक्षक ही उपलब्ध रहते हैं। प्रयोगशाला की नियमित कक्षाएं नहीं चलने और शिक्षकों के लिए छात्रों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने का भी आरोप लगाया गया।

छात्रों ने प्राचार्य बदलने को लेकर भी नाराजगी जतायी। उनके अनुसार एक साल में चार-पांच बार प्राचार्य बदले जाने से प्रशासनिक स्थिरता खत्म हो गयी है और शिकायतों का स्थायी समाधान नहीं हो पाता।

लिखित शिकायत में उठाये कई सवाल

विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि नामांकन के समय बाहरी परीक्षा केंद्र के नाम पर अलग-अलग राशि ली गयी थी, लेकिन परीक्षा परिणाम में 80 से 90 फीसदी तक छात्र फेल हो गये। छात्रों ने मांग की है कि री-एग्जाम फॉर्म का शुल्क कॉलेज प्रबंधन वहन करे या फिर ‘मैनेज’ के नाम पर ली गयी कथित अतिरिक्त राशि वापस की जाये।

शाम तक जारी रहा प्रदर्शन

सुबह करीब साढ़े दस बजे शुरू हुआ प्रदर्शन शाम तक चलता रहा। छात्रों का आरोप था कि कॉलेज की उच्च अधिकारी बाहर आकर सामूहिक रूप से बातचीत करने से बचती रहीं और कुछ छात्रों को अंदर बुलाकर मामले को शांत करने की कोशिश की गयी। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस निर्णय और कथित अतिरिक्त वसूली का निपटारा होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

कॉलेज के प्रिंसिपल विनोद कुमार से फोन पर पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

RPS

Related Post