Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tanis
Trending News

काजल राघवानी के काफिले पर पत्थर चला, कार का शीशा टूटा… अब किस पर गिरेगी गाज? एसडीओ बोले—कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

Blog Image
529

बिना अनुमति शहर के बीचोंबीच जुटी हजारों की भीड़, इंट्री नहीं मिली तो लाठी-डंडे लेकर काफिले के पीछे दौड़े लोग : रविवार को पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाह

बिहारशरीफ। शनिवार की शाम आनंद मार्ग में पत्थर सिर्फ काजल राघवानी के काफिले पर नहीं चला, बल्कि उसने शहर की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर भी कई सवाल छोड़ दिए। भोजपुरी अभिनेत्री के काफिले में शामिल कार का शीशा टूट गया। भीड़ में मौजूद कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर काफिले के पीछे दौड़ते रहे। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली और अभिनेत्री को सुरक्षित बाहर निकालकर पटना रवाना किया।

अब रविवार है और सवाल सीधा है—इस पूरे घटनाक्रम में कार्रवाई किस पर होगी?

काजल राघवानी एक प्रतिष्ठान के उद्घाटन में पहुंची थीं। उनके आने की खबर पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। भीड़ बढ़ी तो सुरक्षा कारणों से प्रतिष्ठान में प्रवेश रोक दिया गया। इसके बाद नाराजगी बढ़ी और कार्यक्रम खत्म होने पर काफिला निकलते ही कुछ लोग उसके पीछे दौड़ पड़े। इसी दौरान पथराव हुआ और कार का शीशा चकनाचूर हो गया।

बिना अनुमति आयोजन हुआ तो जिम्मेदार कौन?

घटना के बाद सामने आया कि कार्यक्रम के आयोजक ने कोई लिखित अनुमति नहीं ली थी। यह जानकारी खुद एसडीओ किसलय श्रीवास्तव ने दी है। सवाल यहीं से और बड़ा हो जाता है—जब अनुमति नहीं थी तो शहर के बीचोंबीच इतना बड़ा आयोजन हुआ कैसे? भीड़ जुटने तक प्रशासन को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? और कब अनुमति नहीं थी तो पुलिस बलों की तैनाती कैसे हुई किसके आदेश पर हुआ ? आखिर किसे पहुंचाया गया पैसा जिसके बाद पुलिस बलों को बिना अनुमति के तैनात किया गया ?

शनिवार देर शाम पुलिस टीम के प्रतिष्ठान पहुंचकर आयोजन को लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। मगर रविवार तक सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की है कि पथराव करने वालों और बिना अनुमति आयोजन कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति क्या है।

क्योंकि इस बार शीशा टूटा है, लेकिन खतरा उससे कहीं बड़ा था। पत्थर अभिनेत्री को भी लग सकता था, किसी पुलिसकर्मी को भी और भीड़ में खड़े किसी आम व्यक्ति को भी।

एसडीओ किसलय श्रीवास्तव ने कहा है कि जांच जारी है और कार्रवाई जरूर होगी। उन्होंने साफ किया कि चाहे कोई भी हो, बिना अनुमति आयोजन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अब शहर की नजर इसी पर है—कब होगी कार्रवाई और किस-किस की तय होगी जवाबदेही?

RPS

Related Post