हैदराबाद से लौटे युवक की संदिग्ध मौत, सड़कों पर आगजनी कर जताया विरोध
Nalanda : जिले के लहेरी थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मृत्यु के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। परिजनों द्वारा दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सड़कों पर आगजनी और प्रदर्शन किया गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान परवलपुर थाना क्षेत्र के निश्चल गंज निवासी विजय कुमार शर्मा के पुत्र दीपू कुमार उर्फ लाला (25) के रूप में हुई है। हैदराबाद की एक पेंट कंपनी में कार्यरत दीपू पिछले 20 मई को घर आया था।
मृतक की मां मंजू देवी के अनुसार, शनिवार की शाम स्थानीय दोस्तों का फोन आया और उसके बाद दीपू घर से निकला तो वापस नहीं लौटा। रात करीब 10 बजे किसी व्यक्ति की सूचना पर कूड़े के पास पड़े युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का आरोप है कि दोस्तों ने नशे का ओवरडोज देकर जानबूझकर हत्या की है और शव को घर के पास लाकर फेंक दिया है। इस संदेह के चलते परिवारजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
पोस्टमार्टम के बाद रविवार को क्रोधित परिजनों ने रामचंद्रपुर अजंता सिनेमा के समीप सड़क पर शव रखकर टायर जलाए और जमकर हंगामा किया। आरोपी दोस्तों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए यातायात को भी ठप कर दिया गया। घटनास्थल पर पहुंचे लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और परिवार के आरोपों की गहन जांच की जा रही है।
मृतक के पिता विजय कुमार शर्मा पिछले 30 सालों से बिहारशरीफ में किराए के मकान पर रहकर पेड़ा बेचने का काम करते हैं। युवक हैदराबाद में नौकरी करके अपने परिवार का सहारा था। यह मामला इस बात की ओर इशारा करता है कि युवाओं में बढ़ते नशे की लत कितनी खतरनाक साबित हो सकती है। पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार है जो इस रहस्यमय मौत की सच्चाई को उजागर करेगा।

