महादलित व्यवसायी ने लगाया जातीय प्रताड़ना का आरोप, स्टाफ व ग्राहक गंभीर रूप से घायल; पुलिस ने शुरू की छापेमारी
हरनौत (नालंदा)। तेलमर थाना क्षेत्र में संचालित एक गैस एजेंसी में घुसकर रंगदारी मांगने, तोड़फोड़ करने और जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपराधियों ने एजेंसी कार्यालय में जमकर उत्पात मचाते हुए कर्मचारियों और एक ग्राहक की बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित पक्ष ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर प्रताड़ित करने और गैस एजेंसी बंद कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, तेलमर स्थित शंकर भारत गैस पाकड़ ग्रामीण वितरक के संचालक मिथलेश रविदास ने तेलमर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में कहा गया है कि रविवार की दोपहर करीब तीन बजे एजेंसी कार्यालय में स्टाफ अतुल कुमार ग्राहकों के गैस वितरण संबंधी कार्य में लगे थे। इसी दौरान एक युवक कार्यालय पहुंचा और मोबाइल से अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे और रंगदारी के रूप में छह गैस सिलेंडर की मांग करने लगे।
विरोध करने पर आरोपितों ने लोहे की रॉड, ईंट और छोटे गैस सिलेंडरों से हमला कर दिया। हमलावरों ने कार्यालय के मुख्य गेट का शीशा तोड़ दिया तथा एक लैपटॉप, दो डेस्कटॉप, दो मॉनिटर और दो प्रिंटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का दावा किया गया है।
हमले के दौरान स्टाफ अतुल कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राहक रौशन कुमार को भी हमलावरों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सदर अस्पताल बिहारशरीफ रेफर किया गया।
आरोप है कि भागने से पहले बदमाश तीन गैस सिलेंडर भी अपने साथ ले गए तथा कट्टा लहराकर लोगों में दहशत फैला दी। संचालक मिथलेश रविदास ने आरोप लगाया है कि उन्हें महादलित समुदाय से होने के कारण लगातार धमकियां दी जा रही हैं और एजेंसी बंद कराने का दबाव बनाया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपियों की पहचान मुस्तफ्फापुर निवासी विक्की यादव, रिशु यादव, शिशु यादव और सौरभ यादव के रूप में की गई है। मामले में तीन-चार अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।
तेलमर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है तथा सभी पहलुओं पर अनुसंधान जारी है।

