पटना: राजधानी पटना से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रविवार की देर रात गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान अपराधियों ने दो सगे भाइयों को गोलियों से भून डाला। हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, एक शादी समारोह के बाद आयोजित रिसेप्शन कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अपराधियों ने मनीष और मंजीत नामक दो भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए एनएमसीएच ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पूर्व विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि पहले से चल रहे किसी विवाद के कारण ही इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किए हैं, जिससे स्पष्ट है कि अपराधियों ने नजदीक से फायरिंग की।
पुलिस ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को गोपालपुर थाना क्षेत्र में रिसेप्शन पार्टी में दो युवकों को गोली लगने की सूचना मिली थी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
