Nalanda : बिहारशरीफ के व्यस्ततम इलाके हॉस्पिटल मोड़ पर इंडियन ऑयल अडानी गैस पाइप लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए मौत का फंदा बन गए हैं। बुधवार की देर शाम एक और हादसा देखने को मिला, जब एक मारुति कार का अगला पहिया इसी खतरनाक गड्ढे में फंस गया। हालांकि सौभाग्य से कार सवार सुरक्षित रहे और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
अब तक 4-5 वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस इन खतरनाक गड्ढों की अनदेखी कर रही है। हॉस्पिटल मोड़ पर स्थित इस गड्ढे में अब तक 4-5 वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शहर का सबसे व्यस्त क्षेत्र होने के बावजूद, यहां 24 घंटे तैनात पुलिस भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
आक्रोशित स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अडानी गैस पाइप लाइन से जुड़ा मामला होने के कारण कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। पैसे का मोल है भैया, कौन ही कुछ बोलेगा? हम तो गरीब हैं, ज्यादा बोलेंगे तो अंदर डाल दिए जाएंगे। शहर के लोगों का कहना है कि पूरा सिस्टम भ्रष्ट है, जिसके कारण बिहारशरीफ की यह दुर्दशा है। स्मार्ट सिटी का दावा केवल कागजों तक सीमित है और जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। प्रश्न यह है कि क्या बड़ी कंपनियों के प्रोजेक्ट्स आम नागरिकों की सुरक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं? क्या कोई गंभीर हादसा होने का इंतजार किया जा रहा है? प्रशासन से आम जनता की अपेक्षा है कि इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की जाए और इन खतरनाक गड्ढों को जल्द से जल्द भरवाया जाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

