Nalanda : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार 12वीं साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स—तीनों संकायों का परिणाम एक साथ घोषित किया गया। नतीजों में आर्ट्स और कॉमर्स में लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी, जबकि साइंस संकाय में एक छात्र ने टॉप किया है।
करीब 13 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हुए थे, जो 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थी।
नालंदा जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र करायपरसुराय की रहने वाली साजिया अंसारी ने आर्ट्स स्ट्रीम में पूरे बिहार में तीसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कुल 477 अंक प्राप्त कर 95.40 प्रतिशत अंक हासिल किए और राज्य के टॉप-3 में जगह बनाई। साजिया प्रखंड के प्लस टू स्कूल करायपरसुराय की छात्रा हैं।
जिले के परीक्षा आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 44,352 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें 23,132 छात्र और 21,220 छात्राएं थीं। परीक्षा के लिए जिले में कुल 40 केंद्र बनाए गए थे। इनमें बिहारशरीफ में सबसे अधिक 31 केंद्र, राजगीर में 4 और हिलसा में 5 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी।
परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक और सुदृढ़ प्रबंध किए गए थे, जिसके चलते पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

