Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tanis
Trending News

तीन बांग्लादेशी नागरिकों को ठहराने पर होटल संचालक-मैनेजर पर एफआईआर दर्ज....जानिए राजगीर के किस होटल पर हुई कारवाई

Blog Image
1379

Rajgir : नालंदा पुलिस ने तीन बांग्लादेशी नागरिकों को पहचान छिपाकर होटल में ठहराने के आरोप में एक होटल संचालक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने होटल की डायरी और अन्य दस्तावेज़ जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि पुलिस अवर निरीक्षक पप्पू कुमार सिंह को होटलों की चेकिंग की ज़िम्मेदारी दी गई थी। जांच के दौरान महादेवा गांव के पास स्थित होटल ग्लोरी ग्रैंड में कई गड़बड़ियां पाई गईं। होटल डायरी से पता चला कि 28 से 30 अगस्त तक बांग्लादेशी नागरिक मो. अशरफुल कबीर कमरा नंबर 102 में ठहरा था। इसके बाद 13 से 15 सितंबर तक बांग्लादेशी दंपत्ति भी होटल में रुके थे।

जांच में सामने आया कि नूरसराय थाना क्षेत्र के कखड़ा गांव निवासी होटल संचालक प्रदीप कुमार और गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के सरेन गांव निवासी मैनेजर रंजीत कुमार ने इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को ऑनलाइन सी-फॉर्म के जरिए नहीं दी। नियम के अनुसार किसी भी विदेशी नागरिक के ठहरने की सूचना 24 घंटे के भीतर देनी अनिवार्य है। ठहरे विदेशी नागरिकों में से एक मो. अशरफुल कबीर हाल ही में आयोजित हीरो एशिया कप (पुरुष) हॉकी-2025 के दौरान यहां आया था, जबकि एक महिला फातिमा अख्तर अपने पति के साथ मैच खत्म होने के बाद दो दिनों तक ठहरी थी।

प्रथम दृष्टया होटल संचालक और मैनेजर ने ज्यादा पैसा कमाने के लोभ में यह काम किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर कोर्ट भेज दिया गया है। कोर्ट के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि विदेशी नागरिकों को बिना सूचना ठहराने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों को सुरक्षा में बड़ी चूक मानकर जांच की जा रही है।

RPS

Related Post