Patna । आप जिस दवा को बीमारी से राहत पाने के लिए खरीद रहे हैं, उसकी गुणवत्ता और असलियत पर भी सवाल उठ सकते हैं! बिहार में औषधि नियंत्रण विभाग की एक बड़ी कार्रवाई में राज्यभर की 34 दवा दुकानों पर छापेमारी और जांच की गई। शुरुआती जांच में 17 से अधिक स्थानों पर अनियमितताएं मिली हैं। कहीं दवाओं की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड गायब है, कहीं संदिग्ध दवाएं मिली हैं, तो कहीं बिना लाइसेंस ही दवाओं का कारोबार संचालित किया जा रहा था।
स्वास्थ्य विभाग के औषधि नियंत्रण विभाग ने गुरुवार को राज्य के विभिन्न जिलों में निजी दवा दुकानों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना लाइसेंस संचालित एक दुकान में दवाओं को सील किया गया है। संबंधित दुकानदार के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू की जा रही है।
पटना के जीएम रोड में संदिग्ध दवाओं की जांच, तीन दुकानों पर विशेष कार्रवाई
पटना के जीएम रोड स्थित सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर दवा प्रतिष्ठानों में विशेष जांच की गई। जांच के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों में अलग-अलग तरह की अनियमितताएं सामने आईं।
Sagar Medico : यहां संदेह के आधार पर चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए हैं। विभाग को आशंका है कि इन दवाओं में एलोपैथिक औषधीय तत्वों का मिश्रण हो सकता है। नमूनों की जांच के बाद ही इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
Murli Pharma: यहां दवाओं की खरीद-बिक्री और रिकॉर्ड संधारण में कई अनियमितताएं मिलीं। टीबी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली तीन दवाओं और एनआरएक्स श्रेणी की एक दवा की बिक्री का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। दो अन्य दवाओं की खरीद से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए।
इतना ही नहीं, दुकान में शेड्यूल एच-1 दवाओं की बिक्री का अनिवार्य रजिस्टर भी नहीं मिला। जांच के दौरान एजिथ्राल-500 नामक दवा की एक स्ट्रिप भी संदिग्ध पाई गई, जिसका क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो रहा था। इसकी प्रामाणिकता जांचने के लिए दवा निर्माता कंपनी को स्ट्रिप भेजी गई है।
पॉपुलर: इस प्रतिष्ठान से पांच दवाओं को उनकी प्रामाणिकता जांचने के लिए संबंधित निर्माता कंपनियों के पास भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में कंपनी ने कुछ दवाओं को अपने उत्पाद होने पर संदेह जताया है। दवाओं की तस्वीरों के मिलान में भी अंतर पाया गया है। हालांकि, अंतिम पुष्टि निर्माता कंपनियों की विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।
भोजपुर में नारकोटिक दवा मिली, छपरा में दवाओं की संरचना पर संदेह
भोजपुर जिले के पीरो स्थित रंजन मेडिकल एजेंसी में जांच के दौरान नारकोटिक श्रेणी की औषधि मिली है। इस मामले में विभाग आवश्यक जांच कर रहा है।
वहीं छपरा की एक दवा दुकान में कुछ दवाओं के निर्माण अनुमति, औषधीय संरचना और लेबलिंग को लेकर संदेह सामने आया है। संबंधित निर्माता कंपनी से दस्तावेज और तथ्य मांगे गए हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
18 जिलों में चला जांच अभियान
औषधि नियंत्रण विभाग का यह अभियान पटना समेत मधेपुरा, पूर्णिया, भोजपुर, वैशाली, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सुपौल, सारण, औरंगाबाद, भागलपुर, गयाजी, बक्सर, कटिहार, कैमूर, मधुबनी और मुंगेर में चलाया गया।
अब दवा दुकानों पर लगातार होगी छापेमारी
विभाग ने सभी सहायक औषधि नियंत्रकों और औषधि निरीक्षकों को दवाओं के अवैध निर्माण, बिक्री और सरकारी दवाओं के दुरुपयोग से संबंधित मामलों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया है।
आगामी दिनों में भी राज्यभर में औचक निरीक्षण और छापेमारी जारी रहेगी। बिना लाइसेंस दवा बिक्री, अवैध निर्माण, खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड नहीं रखने और सरकारी दवाओं के दुरुपयोग जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दवा जीवन बचाने के लिए होती है, लेकिन उसकी गुणवत्ता और प्रामाणिकता पर सवाल उठे तो यही सबसे बड़ा खतरा बन सकती है। बिहार में दवा दुकानों पर शुरू हुई इस कार्रवाई ने दवा कारोबार की निगरानी और ग्राहकों के भरोसे को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
