पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस बार राज्य में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। चुनाव आयोग ने कहा कि बिहार में इस बार का चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा।
आयोग ने जानकारी दी कि बिहार में इस बार कुल 7.43 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3.92 करोड़ पुरुष, 3.50 करोड़ महिला और 1,725 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 7.2 लाख दिव्यांग मतदाता और 4.04 लाख 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक भी हैं। वहीं 14 हजार ऐसे मतदाता हैं जिनकी उम्र 100 वर्ष या उससे अधिक है। इस बार 14.01 लाख युवा पहली बार मतदान करेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि सभी मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर होंगे ताकि बुजुर्गों और दिव्यांगों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही, व्हीलचेयर और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। आयोग ने कहा कि फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और डिजिटल दुष्प्रचार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कुल 40 सीटें आरक्षित रहेंगी, जिनमें 38 सीटें अनुसूचित जाति और 2 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए होंगी। आयोग के अनुसार, इस बार मतदाता सूची का 22 साल बाद पुनरीक्षण किया गया है और पूरी प्रक्रिया SIR (Systematic Improvement and Revision) के तहत पूरी की गई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आयोग का उद्देश्य निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि बिहार में इस बार चुनाव प्रक्रिया पहले से अधिक व्यवस्थित और सरल होगी। पिछले विधानसभा चुनाव 2020 में मतदान तीन चरणों में हुआ था, जबकि इस बार दो चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। राज्य का मौजूदा विधानसभा कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है।

