Nalanda : नालंदा जिला अंतर्गत रहुई प्रखंड के उत्तरनावां गांव में जनसेवा की एक मिसाल पेश की गई, जहां देवी स्थान के निकट मनरेगा पार्क में मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में नालंदा नेत्रालय, बिहार शरीफ के प्रख्यात नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा और उनकी टीम ने चलंत नेत्र वाहन के माध्यम से लगभग 250 गरीब और जरूरतमंद लोगों की आंखों की आधुनिक मशीनों से जांच की।
जांच के बाद सभी लाभार्थियों के बीच मुफ्त दवाइयों का वितरण भी किया गया।
मुखिया सरयू प्रसाद सिन्हा ने बताया कि पंचायत में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के उद्देश्य से हर महीने दो बार ऐसे शिविर लगाए जाते हैं। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी आंखों की जांच करवाई।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिन मरीजों को चश्मे या ऑपरेशन की जरूरत होगी, उनका इलाज बिहार शरीफ स्थित नालंदा नेत्रालय में निःशुल्क कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने इस पहल की जमकर सराहना की और इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया।
