Rajgir : राजगीर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टलते-टलते बचा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान दो टीन शेड अचानक हवा में उड़ने लगे। हेलिकॉप्टर के रोटर से उत्पन्न तेज हवा के झोंके से टीन शेड अपने स्थान से उखड़कर आसमान में लहराने लगे, जिन्हें देखकर मौके पर मौजूद लोगों के दिल की धड़कनें थम सी गईं। गनीमत रही कि उड़ते टीन शेड हेलिकॉप्टर से टकराए नहीं, अन्यथा एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। नालंदा जिले के राजगीर में स्पोर्ट्स एकेडमी का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस हादसे के दौरान बाल-बाल बच गए। सूत्रों के अनुसार, हेलिपैड के आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पालन न किए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने इस गंभीर चूक को लेकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

