Patna : सिपाही भर्ती परीक्षा में सफल कराने के नाम पर ठगी के मामले में रामकृष्णानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजगीर, नालंदा के प्रकाश कुमार पटेल और जमुई के सुबोध यादव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, प्रकाश कुमार पटेल एक मैकेनिकल इंजीनियर है, जिसने एनएसआईटी बिहटा से शिक्षा प्राप्त की है और कई कंपनियों में काम करने का अनुभव रखता है। दोनों आरोपी रामकृष्णा नगर के भूपति मोड़ स्थित अग्रणी गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते थे। पुलिस ने अपार्टमेंट में छापेमारी करके महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की है। इसमें 45 अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्र, ब्लैंक चेक, चेकबुक, तीन वॉकीटॉकी, दो आईफोन, तीन मोबाइल फोन, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक कार, सिपाही भर्ती के दर्जनों एडमिट कार्ड और लैपटॉप शामिल हैं। सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी एक बड़े गिरोह से जुड़े हुए हैं और सिपाही की नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा करते थे। गिरोह का मुख्य सरगना कोई और है, जिसकी पहचान हो गई है और उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की जांच से पता चला है कि पिछले साल सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान इस गिरोह ने दर्जनों छात्रों से करोड़ों रुपए की ठगी की है। गिरोह का तरीका यह था कि वे अभ्यर्थियों को परीक्षा में सफल कराने का झांसा देकर एडवांस में 2 लाख रुपए, ब्लैंक चेक और शैक्षणिक प्रमाण पत्र लेते थे। परीक्षा में सफल होने पर अतिरिक्त 3 लाख रुपए लेने का समझौता करते थे। हालांकि, एसपी ने स्पष्ट किया कि यह गिरोह वास्तव में किसी भी अभ्यर्थी को नौकरी नहीं दिला पाया था। पुलिस अब बरामद खातों और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की विस्तृत जांच करेगी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस गिरोह ने कम से कम 45 युवाओं के साथ धोखाधड़ी की है। जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज बरामद हुए हैं, उन सभी को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी ताकि इस घोटाले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

