Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

Tania
Sports

अरवल में ‘विकसित भारत @2047’ अभियान का आगाज, विधायक पप्पु वर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में जुटने की अपील

Blog Image
196

पटना: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, पटना की ओर से अरवल स्थित पायस मिशन स्कूल परिसर में ‘विकसित भारत @2047’ विषय पर दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि कुर्था विधायक पप्पु वर्मा ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पप्पु वर्मा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि अनुशासन, शिक्षा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़कर ही वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है। उन्होंने सामूहिक प्रयास और सतत भागीदारी को इस लक्ष्य की कुंजी बताया।

केंद्रीय संचार ब्यूरो, पटना के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी प्रकाश कुमार सिंह ने कहा कि इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

पायस मिशन स्कूल के सहायक निदेशक अशोक कुमार ने विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी पर जोर दिया। वहीं विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनम मिश्रा ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बिहार को शैक्षणिक रूप से अग्रणी राज्य बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भारतीय डाक विभाग के सहायक डाक अधीक्षक मुकेश कुमार ने विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। आयुष्मान भारत योजना के जिला समन्वयक नलिन कुमार ने आम लोगों से आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड बनवाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, स्वागत गीत, रंगोली सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। मंच संचालन विद्यालय की छात्रा अदिति कुमारी और छात्र आदित्य कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अमरेन्द्र मोहन ने किया।

RPS

Related Post