पटना : बिहार के आसमान में खतरे की घंटी बज चुकी है। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण के लिए रेड अलर्ट है, वहीं पटना, वैशाली, गया सहित 16 जिलों के लिए तगड़ा ऑरेंज अलर्ट।
चेतावनी है कि 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवा के साथ मूसलाधार बारिश और डरावने वज्रपात का दौर चलेगा। उत्तर और पूर्वी बिहार में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि बेवजह घर से बाहर न निकलें, पेड़-बिजली के खंभों-खुले ढांचों के पास बिल्कुल शरण न लें। नदियों के किनारे और टापू इलाका खाली कर ऊंची जगह जाएं। खेतों में काम छोड़ सुरक्षित रहें, बच्चों और पशुओं को भी संभाल कर रखें।
किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन केन्द्र (0612-2294204, 0612-2294205, 1070) पर तुरंत संपर्क करें — क्योंकि अगले कुछ दिन हो सकते हैं बिहार के लिए सबसे मुश्किल!

