एक ही व्यक्ति दो नामों से दे रहा था परीक्षा, फर्जी आधार कार्ड के साथ गिरफ्तार
Nalanda : गृहरक्षक भर्ती परीक्षा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दीपनगर थाना क्षेत्र के एक युवक ने दो अलग-अलग नामों और पहचान से परीक्षा देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसकी चालाकी पकड़ी गई। दीपनगर स्टेडियम में गृहरक्षक भर्ती के दौरान 24 वर्षीय विभिषण कुमार नाम का एक अभ्यर्थी संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी द्वारा जांच किए जाने पर हैरान करने वाला सच सामने आया।
जांच में पता चला कि यह व्यक्ति पहले 31 मई 2025 को शिशुपाल कुमार (21 वर्ष) के नाम से परीक्षा दे चुका था। दोनों बार पिता का नाम अनिल पासवान और पता ग्राम मणीचक, थाना दीपनगर, जिला नालंदा ही बताया था।
पूछताछ में अभ्यर्थी ने स्वीकार किया कि बेहतर अंक पाने के लालच में वह दोबारा छद्म नाम और फर्जी आधार कार्ड से परीक्षा में शामिल होना चाहता था। उसका असली नाम शिशुपाल कुमार है, लेकिन वह विभिषण कुमार के फर्जी आधार कार्ड के साथ दूसरी बार परीक्षा देने आया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद दीपनगर थाना में मामला दर्ज किया गया। वादी विक्रम कुमार (वर्तमान में मलेरिया निरीक्षक, सदर अस्पताल बिहारशरीफ और दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त) के लिखित आवेदन पर थाना कांड संख्या 226/25 दिनांक 3 जून 2025 को धारा 318(4)/336(3)/340(2) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामग्री बरामद की
- विभिषण कुमार के नाम का फर्जी आधार कार्ड
- विभिषण कुमार के नाम का फर्जी प्रवेश पत्र
गिरफ्तार अभ्यर्थी
शिशुपाल कुमार उम्र 21 वर्ष उर्फ विभिषण कुमार उम्र 24 वर्ष, पिता अनिल पासवान, ग्राम मणीचक, थाना दीपनगर, जिला नालंदा को गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला भर्ती परीक्षाओं में बढ़ती धांधली की एक और मिसाल है। अधिकारियों ने अन्य अभ्यर्थियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूरत में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

