Patna : बिहार के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है! राज्य में पहली बार आयोजित होने वाले 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025' को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। प्रतिष्ठित इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की मीडिया टीम पहली बार बिहार आकर इस महत्वपूर्ण खेल आयोजन का कवरेज करेगी। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने गर्व के साथ यह ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि IOC की मीडिया टीम का बिहार आगमन हमारे लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। यह बिहार की खेल क्षमता और बदलती छवि का प्रमाण है। बिहार द्वारा अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के फलस्वरूप राज्य वैश्विक खेल मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। IOC मीडिया टीम के आगमन से बिहार में हो रहे खेल विकास को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी। गौरतलब है कि 4 मई से 15 मई तक पांच जिलों - पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय और भागलपुर में आयोजित होने वाले इस भव्य खेल महोत्सव का उद्घाटन 4 मई को शाम 6 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पाटलिपुत्र खेल परिसर में किया जाएगा। यह आयोजन बिहार के युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर साबित होगा।

