पटना :ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंग स्टेडियम में 20 से 21 जनवरी 2026 तक आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय रग्बी बालक प्रतियोगिता 2025–26 में बिहार टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया और सभी मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी टीमों पर पूरी तरह हावी रहे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बिहार टीम ने उत्तर प्रदेश को 46–07 के बड़े अंतर से पराजित किया। इसके बाद सेमीफाइनल में बिहार ने महाराष्ट्र को 15–07 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में बिहार टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेज़बान ओडिशा को 25–05 से मात दी और स्वर्ण पदक के साथ खिताब पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में बिहार को स्वर्ण पदक, ओडिशा को रजत पदक और राजस्थान को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
बिहार टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के संरक्षक श्रवण कुमार, विधान परिषद सदस्य सह संघ के अध्यक्ष संजय प्रकाश मयूख, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, कोच और सहयोगी स्टाफ को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे बिहार में रग्बी खेल के निरंतर विकास, मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा का परिणाम बताया तथा भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

