Bihar Sharif : बिहारशरीफ सदर अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही लगातार उजागर हो रही है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। ऐसा ही एक ताजा मामला गिरियक प्रखंड के चोरसुआ गांव के निवासी नितिन मुकेश का सामने आया है। वे 28 जुलाई को अपने 14 वर्षीय पुत्र अमन राज का ब्लड ग्रुप जांच कराने सदर अस्पताल पहुंचे थे। पर्ची कटवाने के बाद उन्होंने पैथोलॉजी लैब में जांच कराई, जहां रिपोर्ट में बच्चे का ब्लड ग्रुप नेगेटिव बताया गया। रिपोर्ट पर संदेह होने पर उन्होंने एक निजी पैथोलॉजी लैब में दोबारा जांच कराई। वहां ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव निकला। नितिन मुकेश ने बताया कि उनका बेटा नवमी कक्षा में पढ़ता है और स्कूल में ब्लड ग्रुप की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जमा करनी थी। अब परिवार को समझ में नहीं आ रहा कि किस रिपोर्ट पर भरोसा किया जाए।
गलत रिपोर्ट से हो सकती है जानलेवा गलती
परिजनों ने कहा कि यदि ऐसा ही भ्रम किसी आपात स्थिति, जैसे सड़क दुर्घटना या ऑपरेशन के दौरान हो जाए, तो गलत ब्लड ग्रुप की वजह से मरीज की जान भी जा सकती है।
लैब इंचार्ज ने मानी गलती
मॉडल अस्पताल के पैथोलॉजी लैब के इंचार्ज अजय कुमार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि बच्चे की रिपोर्ट में गलती हो गई थी।
जांच के आदेश, होगी सख्त कार्रवाई
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि यह एक अत्यंत गंभीर लापरवाही का मामला है। इसकी जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। जांच के बाद जो भी कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

