36 घंटे में सुलझा पेंटर हत्याकांड रहस्यमय गुत्थी : पत्नी और उसके प्रेमी ने रची थी खूनी साजिश
नूरसराय (नालंदा) : प्रेम, विश्वासघात और हत्या की एक दिल दहला देने वाली कहानी का अंत हुआ है। नूरसराय थानान्तर्गत ग्राम मथुरापुर में 30 मई की सुबह हुई पेंटर-ठेकेदार सिकंदर राम की निर्मम हत्या का पुलिस ने मात्र 36 घंटे में सफल उद्भेदन कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस हत्या के पीछे मृतक की अपनी पत्नी और उसके पूर्व प्रेमी का हाथ निकला है।
क्या था मामला
30 मई की सुबह 7:15 बजे जब अधिकतर लोग अपने दिन की शुरुआत कर रहे थे, तब मथुरापुर गांव के पास सड़क पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने सिकंदर राम को गोलियों से भून दिया। यह हत्या इतनी बेरहमी से की गई थी कि देखने वाले सहम गए।
हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के एसआईटी का हुआ गठन
घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय थाने में केस नंबर 302/25 दर्ज किया गया और धारा 103(1)/61/3(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 तथा 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दायर हुआ। पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 बिहारशरीफ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने मानवीय, वैज्ञानिक और तकनीकी जांच की सहायता से इस रहस्यमय हत्या को सुलझाया।
पत्नी और उसका पूर्व प्रेमी निकला हत्यारा
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी का पूर्व प्रेमी जैकी राम (पिता स्वर्गीय सुनील राम, निवासी महालपर, थाना विहार, जिला नालंदा) इस हत्या का मुख्य सूत्रधार था। जैकी राम हाल ही में दिल्ली से लौटा था और उसका अपनी पूर्व प्रेमिका से दोबारा प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। सिकंदर राम को अपने प्रेम में बाधा समझकर, जैकी राम ने अपने साथी के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा और मोटरसाइकिल से आकर निर्दयतापूर्वक हत्या कर दी। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है - मृतक की पत्नी और जैकी राम (मृतक की पत्नी का पूर्व प्रेमी)। बरामदगी में 2 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कपड़े मिले हैं। इस केस को सुलझाने में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 बिहारशरीफ नालंदा, पुलिस निरीक्षक रामशंकर सिंह नूरसराय अंचल, पुलिस निरीक्षक आलोक कुमार प्रभारी डीआईयू, पुअनि गुलाम मुस्तफा एवं डीआईयू नालंदा के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नूरसराय थाने से पुअनि रजनीश कुमार (थानाध्यक्ष), पुअनि संजीव कुमार (अपर थानाध्यक्ष), पुअनि नेहा कुमारी, परिपुअनि सभ्या कुमारी, परिपुअनि सुमन सौरभ, पुअनि रमेश पासवान, परिपुअनि गणेश कुमार पंडित सहित अन्य सशस्त्र बल के जवानों ने भी इस ऑपरेशन में सहयोग दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार अभी भी छापेमारी जारी है और आरोपियों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस केस के अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि प्रेम जब अंधा हो जाता है तो इंसान कितना क्रूर बन सकता है।

