हर्षिता जाखड़ ने राजस्थान को पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचाया
Patna : राजस्थान की एंड्योरेंस साइक्लिस्ट हर्षिता जाखड़, जिन्हें एशियन जूनियर चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप स्कीम के तहत दीर्घकालिक समर्थन के लिए चुना गया है, ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 बिहार में मंगलवार को दो स्वर्ण पदक जीतकर महाराष्ट्र की तैराक अदिति सतीश हेगड़े के साथ सुर्खियां साझा कीं। हर्षिता जाखड़ ने स्क्रैच रेस और टाइम ट्रायल (500 मीटर) में दोहरा स्वर्ण जीता। उनके चचेरे भाई आदित्य जाखड़ ने लड़कों की स्क्रैच रेस में और मयंक चौधरी ने 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण जीतकर राजस्थान को छह स्वर्ण और दो रजत के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा दिया। कर्नाटक (5 स्वर्ण, 9 रजत, 3 कांस्य) और महाराष्ट्र (5 स्वर्ण, 6 रजत, 9 कांस्य) कड़ी टक्कर में हैं।
बिहार के लिए सुहानी कुमारी का जलवा
मेजबान बिहार ने इंदिरा गांधी इंडोर कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली के वेलोड्रोम में दो रजत पदकों के साथ पदक तालिका में प्रवेश किया। सुहानी कुमारी ने स्क्रैच रेस (7.5 किमी) में हर्षिता जाखड़ से महज आधे सेकंड से कम समय में रजत पदक जीता। सारण जिले की सुहानी ने सिवान की अमृता कुमारी और शालिनी कुमारी के साथ टीम स्प्रिंट (3 लैप) में भी भाग लिया, लेकिन झारखंड की सबीना कुमारी, संजू कुमारी और सिंधु लता हेंब्रोम की टीम को 1.323 सेकंड से हराने में असफल रहीं।
दिन की स्टार रहीं हर्षिता जाखड़
हर्षिता ने 7.5 किमी की कठिन स्क्रैच रेस 11:50.973 में पूरी की, सुहानी कुमारी (11:51.558) को दूसरे और महाराष्ट्र की आकांक्षा म्हेत्रे (11:51.649) को तीसरे स्थान पर छोड़ा। बाद में, उन्होंने 500 मीटर टाइम ट्रायल में भी महाराष्ट्र की आकांक्षा म्हात्रे और तमिलनाडु की एस थबीथा को पछाड़कर स्वर्ण जीता।
अन्य प्रमुख उपलब्धियां
महाराष्ट्र की अदिति सतीश हेगड़े ने सोमवार को 800 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण जीतने के बाद मंगलवार को 400 मीटर फ्रीस्टाइल (4:32.87) और 100 मीटर बटरफ्लाई (1:04.73) में भी स्वर्ण पदक जीते। तेलंगाना के वरषित धुलिपिडी (लड़कों की 400 मीटर इंडिविजुअल मेडले), सुहास प्रीतम मैलारी (लड़कों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक) और श्री नित्या सागी (लड़कियों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक) ने भी स्वर्ण पदक जीते। गुजरात की दिव्या मकवाना (44 किग्रा) और खुशबू दरजादा (57 किग्रा) ने राज्य के लिए पहली बार जूडो में स्वर्ण पदक दिलाए। हरियाणा के हर्षित ने लड़कों के 73 किग्रा जूडो में स्वर्ण जीतकर टीम को राहत दी, जिन्होंने अब तक दो रजत और एक कांस्य जीता था।
हर्षिता जाखड़ का सफर
18 वर्षीय हर्षिता, जो सरकार की टारगेट एशियन गेम्स ग्रुप में शामिल हैं, ने इस सीजन में भारतीय साइक्लिंग में दुर्लभ उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने लगातार दूसरी बार एशियन (जूनियर) रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है और ट्रैक पर भी चार पदक अपने नाम किए हैं। हर्षिता के कोच उनके चाचा और पूर्व भारतीय साइक्लिस्ट राकेश जाखड़ हैं। वे श्रीगंगानगर, राजस्थान की रहने वाली हैं, लेकिन पटियाला में प्रशिक्षण लेती हैं। उन्होंने जूनियर और सब-जूनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए हैं।
मयंक चौधरी ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में 10 मीटर एयर पिस्टल (पुरुष - युवा) वर्ग में जीता स्वर्ण पदक
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के दूसरे दिन कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, दिल्ली में आयोजित 10 मीटर एयर पिस्टल (पुरुष - युवा) वर्ग की स्पर्धा में राजस्थान के मयंक चौधरी ने 239.2 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चंडीगढ़ के धैर्य पराशर ने 235.3 अंक हासिल कर रजत पदक, और मध्य प्रदेश के युग प्रताप ने 214.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। जीत के बाद मयंक ने कहा कि खेलो इंडिया और SAI की ओर से मुझे पिस्टल सहायता और मासिक भुगतान मिल रहा है, जिससे मेरे प्रदर्शन में बहुत सुधार हुआ है। युग प्रताप ने कहा कि यह मेरा लगातार तीसरा खेलो इंडिया है। एक और पदक जीतकर अच्छा लग रहा है। धैर्य पराशर, जो पहली बार खेलो इंडिया में भाग ले रहे थे, बोले, “यह अनुभव बहुत रोचक था। मैंने खेल के दौरान ध्यान केंद्रित रखा और विचारों से होने वाले व्यवधानों से बचा। SAI और बिहार सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाएं, विशेष रूप से आवास, बहुत अच्छी रही। खेल में निरंतरता बहुत जरूरी है, और देशभर से आए युवा खिलाड़ियों ने कड़ी टक्कर दी। दिल्ली में 4 से 15 मई तक तीन खेल—शूटिंग, साइक्लिंग और जिम्नास्टिक्स—का आयोजन कर्णी सिंह शूटिंग रेंज और इंदिरा गांधी स्टेडियम में हो रहा है।

